Dakshin Bharat Rashtramat

कर्नाटक: बागी विधायकों ने मुंबई पुलिस को लिखा पत्र- कांग्रेस के नेताओं से नहीं मिलना चाहते

कर्नाटक: बागी विधायकों ने मुंबई पुलिस को लिखा पत्र- कांग्रेस के नेताओं से नहीं मिलना चाहते

बागी विधायकों द्वारा मुंबई पुलिस को लिखा गया पत्र.

मुंबई/भाषा। मुंबई के एक होटल में रुके हुए बागी विधायकों ने शहर के पुलिस प्रमुख को पत्र लिखकर कहा है कि वे मल्लिकार्जुन खरगे या कांग्रेस के किसी भी अन्य नेता से मिलना नहीं चाहते हैं।

ऐसी अटकलें हैं कि खरगे कांग्रेस के कुछ अन्य नेताओं और कर्नाटक के मुख्यमंत्री एचडी कुमारस्वामी के साथ पोवई में स्थित रिनेसां होटल में उनसे मिलने जा सकते हैं।

मुंबई के पुलिस प्रमुख को लिखे पत्र में बागी विधायकों ने कहा, उनकी इच्छा मल्लिकार्जुन खरगे या गुलाम नबी आजाद या कांग्रेस के किसी भी नेता से मिलने की नहीं है।

विधायकों ने पत्र में कहा है कि उन्हें खतरा महसूस हो रहा है। उन्होंने पुलिस से आग्रह किया है कि कांग्रेस नेताओं को उनसे मिलने से रोका जाए।

कर्नाटक में कांग्रेस-जद (एस) गठबंधन के नेताओं ने रविवार को सरकार बचाने के लिए भविष्य के कदमों पर चर्चा की। ये नेता लगातार कुछ बागी विधायकों का दिल जीतने की कोशिश में लगे हैं क्योंकि इसी सप्ताह कुमारस्वामी सरकार का विश्वासमत होने जा रहा है।

हालांकि, बागी विधायकों ने यह स्पष्ट कर दिया कि वे लोग एकजुट हैं और अपने इस्तीफे पर ‘अडिग’ हैं। बता दें कि कर्नाटक में 16 विधायकों ने इस्तीफा दे दिया, जिनमें से 13 विधायक कांग्रेस और तीन विधायक जद (एस) के हैं। दो निर्दलीयों ने भी सरकार से अपना समर्थन वापस ले लिया था।

About The Author: Dakshin Bharat