Dakshin Bharat Rashtramat

तमिलनाडु में जीतेंगे 35 से ज्यादा सीटें, देश के लिए जरूरी मोदी सरकार: शाह

तमिलनाडु में जीतेंगे 35 से ज्यादा सीटें, देश के लिए जरूरी मोदी सरकार: शाह

amit shah in ramanathpuram

रामनाथपुरम/दक्षिण भारत। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने कहा है कि आगामी लोकसभा चुनाव में तमिलनाडु में पार्टी और उसके सहयोगी दलों के लिए 35 से ज्यादा सीटें जीतने का लक्ष्य है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से इस लक्ष्य को प्राप्त करने का आह्वान किया। राज्य में भाजपा, अन्नाद्रमुक और पीएमके लोकसभा चुनाव को लेकर हाथ मिला चुकी हैं। अमित शाह ने रामनाथपुरम में बूथ स्तर के भाजपा कार्यकर्ताओं की रैली को संबोधित करते हुए कहा कि मुझे यकीन है कि हम राज्य में 35 से ज्यादा सीटें जीतेंगे।

बता दें कि सहयोगी दलों के इस गठबंधन में भाजपा के हिस्से में पांच और अन्नाद्रमुक के हिस्से में 28 लोकसभा सीटें आई हैं। पीएमके को सात सीटें दी गई हैं। शाह ने शक्ति केंद्र प्रमुख सम्मेलन में भाजपा कार्यकर्ताओं से सभी सीटों पर जीतने के लिए मेहनत करने को कहा है। उन्होंने कहा कि हम सिर्फ पांच ​सीटों पर ही नहीं, बल्कि सभी 40 सीटों पर चुनाव लड़ रहे हैं। चाहे कोई उम्मीदवार अन्नाद्रमुक या पीएमके के टिकट से लड़ रहा हो, वे सभी नरेंद्र मोदी को 2019 में प्रधानमंत्री बनाने के लिए मैदान में हैं।

शाह ने विपक्षी दल कांग्रेस और द्रमुक पर निशाना साधते हुए कहा कि ये भ्रष्टाचार करने के लिए खड़े हुए हैं और राज्य व देश का कोई भला नहीं कर सकते। शाह ने मोदी के लिए कहा कि वे बेहद मेहनती शख्स हैं जो दिन में 18 घंटे काम करते हैं। उन्होंने कहा कि मोदी को बतौर प्रधानमंत्री चुनना सिर्फ भाजपा के लिए नहीं, बल्कि देश के लिए भी जरूरी है।

केंद्र की उपलब्धियों पर जोर
उल्लेखनीय है कि लोकसभा चुनाव के मद्देनजर सीट बंटवारे के बाद राजनीति में सक्रिय स्थानीय चेहरे भी चर्चा में हैं। संभावना जताई जा रही है कि भाजपा युवा चेहरों को मौका दे सकती है। इस संबंध में ‘मोदी फॉर पीएम 2019’ के चेन्नई-जनरल सेक्रेटरी जी.ए. पृथ्वी केंद्र सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए कहते हैं कि हम तमिलनाडु के लोगों तक गुड गवर्नेंस और सामाजिक कल्याण के लिए राजग सरकार की योजनाओं का संदेश पहुंचाएंगे।

पृथ्वी ने कहा कि मोदी सरकार की बदौलत बड़ी तादाद में लोगों के बैंक खाते खोले गए। देश में 7 करोड़ से ज्यादा गैस कनेक्शन हो गए हैं। उज्ज्वला योजना, सुकन्या समृद्धि योजना और मुद्रा लोन से तमिलनाडु और पूरे देश में अनेक लोगों का जीवन बदला है।

About The Author: Dakshin Bharat

Dakshin Bharat  Picture