बेदी ने आधी रात में स्कूटी से लिया महिला सुरक्षा का जायजा

बेदी ने आधी रात में स्कूटी से लिया महिला सुरक्षा का जायजा

पुदुचेरी। पुदुचेरी की उपराज्यपाल किरण बेदी ने राज्य में महिलाएं कितनी सुरक्षित हैं, इसका जायजा लेने के लिए मुंह ढककर शुक्रवार रात स़डक पर निकल प़डी। बेदी एक महिला के साथ स्कूटी पर निकलीं। महिला स्कूटी चला रही थी और बेदी पीछे बैठी थीं, उन्होंने अपना आधा चेहरा दुपट्टे से ढका हुआ था। भारतीय पुलिस सेवा की प्रथम महिला अधिकारी रहीं बेदी ने शनिवार को ट्वीट किया जिसमें उन्होंने लिखा, मैं महसूस करती हूं कि पुदुचेरी में महिलाएं रात में भी सुरक्षित हैं, लेकिन इसको और बेहतर करना होगा। उन्होंने लोगों से अपील की कि वह स्वयं को पीसीआर १०० नम्बर से जो़डे और अपनी चिंताओं से अवगत कराएं। उन्होंने ट्विटर पर एक वीडियो क्लिप भी डाली है। बेदी ने महिला सुरक्षा को और बेहतर करने के लिए सुझाव देने की बात कही है। शहर भ्रमण को बेदी ने अत्यंत गोपनीय रखा और किसी को इसकी भनक तक नहीं लग पाई। वीडियो क्लिप में वह यातायात के बीच से निकलती हुई नजर आ रही हैं। पूर्व पुलिस अधिकारी २०१५ में दिल्ली विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की ओर से मुख्यमंत्री पद की उम्मीदवार थीं लेकिन पार्टी बुरी तरह हार गईं थी। बेदी को पिछले साल पुदुचेरी का उपराज्यपाल बनाया गया।

About The Author: Dakshin Bharat