Dakshin Bharat Rashtramat

न्यूजीलैंड की संसद में छाई मलयालम

न्यूजीलैंड की संसद में छाई मलयालम
न्यूजीलैंड की संसद में छाई मलयालम

प्रियंका राधाकृष्णन

वेलिंगटन/दक्षिण भारत। भारतीय मूल की प्रियंका राधाकृष्णन न्यूजीलैंड में सांसद चुनी गई हैं। जब उन्होंने पहली बार संसद को संबोधित किया तो अपना भाषण मलयालम में दिया। प्रियंका का यह वीडियो सोशल मीडिया में खूब शेयर किया जा रहा है और लोग इस पर खुशी जाहिर कर रहे हैं।

आईएएस नितिन सांगवान ने यह वीडियो अपने ट्विटर अकाउंट पर शेयर करते हुए लिखा, ‘प्रियंका आर, भारतीय मूल की सांसद और न्यूजीलैंड में मंत्री गर्व से अपनी मातृभाषा मलयालम बोल रही हैं न्यूजीलैंड की संसद में। हमारी भाषा, खाना और परिधान हमारे लिए गर्व की बात है। वो ही हमारी मिली-जुली सभ्यता का प्रतीक हैं।’

वीडियो पर कोथवल श्रीराम लिखते हैं, ‘मुझे भारतीय होने पर गर्व है।’ एक अन्य यूजर लिखते हैं, ‘मुझे मलयालम नहीं आती लेकिन हमारे देश की भाषा के शब्द न्यूजीलैंड की संसद में गूंज रहे हैं, जो मेरे लिए गर्व की बात है।’

उल्लेखनीय है कि​ ​प्रियंका का परिवार केरल के एर्नाकुलम से है। उन्होंने सिंगापुर से पढ़ाई की। इसके बाद वे न्यूजीलैंड आ गईं और राजनीति में सक्रिय हुईं। उनका संबंध लेबर पार्टी से है जिसमें वे 2006 में शामिल हुई थीं।

About The Author: Dakshin Bharat