Dakshin Bharat Rashtramat

आम आदमी पार्टी शिक्षा की बात करती है, शराब में घोटाला करती है: नड्डा

आम आदमी पार्टी शिक्षा की बात करती है, शराब में घोटाला करती है: नड्डा
नड्डा ने कहा कि आज हम आत्मनिर्भर भारत की तरफ तेजी से बढ़ रहे हैं


कुल्लू/दक्षिण भारत। हिमाचल प्रदेश में सत्ता में दोबारा वापसी के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) विधानसभा चुनाव प्रचार में पूरा जोर लगा रही है। इसी सिलसिले में इसके राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने रविवार को रैलियां कीं। उन्होंने कुल्लू में रैली को संबोधित करते हुए कहा कि हिमाचल प्रदेश के लोगों में यह उत्साह और उमंग स्पष्ट बताता है कि इस चुनाव में भाजपा को आशीर्वाद देने का मन बना लिया है। हमने हिमाचल के लोगों से यह कहा है कि 'राज नहीं, रिवाज बदलेंगे'।

नड्डा ने कहा कि आज हम आत्मनिर्भर भारत की तरफ तेजी से बढ़ रहे हैं। आज हमारे सामाजिक, आर्थिक परिवेश में बहुत बड़ा परिवर्तन आ रहा है। आज भारत, ब्रिटेन को पीछे छोड़कर दुनिया की पांचवीं बड़ी अर्थव्यवस्था बन गया है।

नड्डा ने कहा कि आज भारत, मोबाइल उत्पादन में, स्टील के उत्पादन में दुनिया का दूसरा बड़ा देश है। दुनिया में सोलर एनर्जी के मामले में भारत पांचवे स्थान पर है।

नड्डा ने कहा कि हिमाचल में एक नई पार्टी भी आई थी। वो पार्टी आई सबके बाद और गई सबसे पहले। वो राजनीतिक पार्टी है- आम आदमी पार्टी। आम आदमी पार्टी चुनाव शुरू होने से पहले ही चली गई, क्योंकि दिल्ली और पंजाब के उसके कारनामे हमारे हिमाचल के लोग भली-भांति जानते हैं।

नड्डा ने कहा कि आम आदमी पार्टी बात शिक्षा की करती है और घोटाला शराब में करती है। आम आदमी पार्टी मतलब- घोटाले पर घोटाला। बिजली, पानी, शिक्षा, शराब में घोटाला ही घोटाला।

नड्डा ने कहा कि आजकल राहुल गांधी भारत जोड़ो यात्रा कर रहे हैं। राहुल गांधी की करतूत और कार्यक्रम 'भारत तोड़ो' के होते हैं। हम जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटा रहे थे, वो उसको रखने के पक्ष में होते थे।

नड्डा ने कहा कि हिमाचल प्रदेश का चुनाव विकास का चुनाव है। यह चुनाव हिमाचल प्रदेशवासियों के हक का चुनाव है। यह हिमाचल को आगे बढ़ाने का चुनाव है।

नड्डा ने कहा कि नया रिवाज बनाएंगे, हिमाचल में फिर भाजपा लाएंगे। इसके बाद उन्होंने मनाली में 'विजय संकल्प जनसभा' को संबोधित किया। इस दौरान बड़ी संख्या में लोग उपस्थित थे।

About The Author: Dakshin Bharat

Dakshin Bharat  Picture