Dakshin Bharat Rashtramat

राहुल गांधी 'आलू से सोना' बना रहे थे, केजरीवाल 'पराली से सोना' बना रहे हैं: भाजपा

राहुल गांधी 'आलू से सोना' बना रहे थे, केजरीवाल 'पराली से सोना' बना रहे हैं: भाजपा
संबित पात्रा और मनोज तिवारी ने पार्टी मुख्यालय में प्रेसवार्ता को संबोधित किया


नई दिल्ली/दक्षिण भारत। भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा और सांसद मनोज तिवारी ने शुक्रवार को यहां पार्टी मुख्यालय में प्रेसवार्ता को संबोधित किया। उन्होंने आम आदमी पार्टी पर जोरदार शब्द-प्रहार करते हुए दिल्ली के मुख्यमंत्री की 'नीयत' पर सवाल उठाए। 

पात्रा ने कहा कि आम आदमी पार्टी और अरविंद केजरीवाल की नियत में ही खोट है। अभी कुछ दिन पहले दिल्ली में एक्साइज प्रदूषण हुआ था। इसके बाद सुकेश चंद्रशेखर नामक ठग से आम आदमी पार्टी ने ठग लिया था। इसी बीच आज श्रमिकों के ऊपर हुए सबसे बड़े करप्शन का खुलासा हुआ है।

पात्रा ने कहा कि केजरीवाल सरकार के दौरान फर्जीवाड़ा कर 2018 से 2021 के बीच में करीब 10 लाख कंस्ट्रक्शन वर्कर्स का रजिस्ट्रेशन हुआ है। जिसमें करीब 2 लाख फर्जी रजिस्ट्रेशन करवाया गया है और इनके नाम पर पैसा उठाया जा रहा है।

मनोज तिवारी ने कहा कि जो व्यक्ति इतने सारे लोक-लुभावन वादे कर मजदूरों का हक छीन सकता है, वह दिल्ली का कितना बड़ा शत्रु है, यह बताने की जरूरत नहीं है। इससे पहले भी आम आदमी पार्टी ने मजदूरों के फंड से 143 करोड़ का घोटाला किया था और पार्टी के काम में लगा दिया ​था।

तिवारी ने कहा कि जो व्यक्ति अपने प्रदेश को प्रदूषण में घुटता छोड़ सकता है, बस दो घंटे के ​लिए प्रेसवार्ता करने के लिए आता है, वह दिल्ली की चिंता नहीं कर रहा है। वह बस चुनावी दौरे पर है।

पात्रा ने कहा कि राहुल गांधी आलू से सोना बना रहे थे और केजरीवाल पराली से सोना बना रहे हैं। केजरीवाल कहते हैं कि पराली से गत्ता बनता है, बिजली बनती है। इसके लिए पंजाब में रेडिमेड फैक्ट्री तैयार है। केजरीवाल के पास केवल पॉल्यूशन है, सॉल्यूशन नहीं है।

About The Author: Dakshin Bharat

Dakshin Bharat  Picture