Dakshin Bharat Rashtramat

हुड्डा की 'दरबारी, दामाद, डीलर' वाली 3डी सरकार थी, खट्टर को सभी वर्गों की चिंता: शाह

हुड्डा की 'दरबारी, दामाद, डीलर' वाली 3डी सरकार थी, खट्टर को सभी वर्गों की चिंता: शाह
शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी आत्मनिर्भर भारत बनाने में लगे हैं और आत्मनिर्भर भारत में सबसे बड़ा लक्ष्य था 'वंदे भारत ट्रेन'


फरीदाबाद/दक्षिण भारत। केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने गुरुवार को हरियाणा के फरीदाबाद में जन उत्थान रैली को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि आज भारतीय जनसंघ के पुरोधा और हरियाणा की राजनीति के दिग्गज नेता स्व. डॉ. मंगल सेन का जन्मदिन है। आज हरियाणा भारतीय जनता पार्टी का हर कार्यकर्ता उनकी पवित्र स्मृति को प्रणाम कर श्रद्धांजलि दे रहा है।

शाह ने कहा कि हरियाणा, भारत के इतिहास का बहुत महत्वपूर्ण स्थान है। जहां गीता प्रकट हुई, वह हरियाणा है। इसी फरीदाबाद की धरती पर सूरदास का जन्म हुआ, जिनके हृदय में श्रीकृष्ण विराजमान थे। दृष्टिबाधित होने के बाद भी उन्होंने श्रीकृष्ण का इतना सुंदर वर्णन किया।

शाह ने कहा कि 8 साल में मनोहर लाल ने हरियाणा को बदलने का काम किया है। हरियाणा का चहुंमुखी विकास हो रहा है। मोदी ने दीपावली का तोहफा भेजा है। आज करीब 6,629 करोड़ रु. के कामों का भूमिपूजन और उसका उद्घाटन मेरे और अश्विनी वैष्णव के हाथों से हुआ है। अश्विनी भाई उपहारों का बड़ा पिटारा प्रधानमंत्री मोदी की ओर से लेकर आए हैं।

शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी आत्मनिर्भर भारत बनाने में लगे हैं और आत्मनिर्भर भारत में सबसे बड़ा लक्ष्य था 'वंदे भारत ट्रेन'। आज आत्मनिर्भर भारत की 'वंदे भारत ट्रेन' जिला सोनीपत में बनने वाली है।

शाह ने कहा कि ये एलिवेटेड रेलवे ट्रैक आने वाले दिनों में भारत के शहरी विकास के क्षेत्र में एक सीमा चिह्न बनने वाला है, जहां लंबाई कम है, फाटक ज्यादा हैं। इसके लिए एलिवेटेड रेलवे ट्रैक एक नजीर बनने वाला है।

शाह ने कहा कि आप 8 साल के पहले का हरियाणा याद कीजिए। एक सरकार बनती थी तो 'भ्रष्टाचार' होता था और दूसरी बनती थी तो 'गुंडागर्दी' होती थी, लेकिन 'मनोहर लाल खट्टर' की भाजपा सरकार ने न भ्रष्टाचार होने दिया और न ही गुंडागर्दी।

शाह ने कहा कि हुड्डा की 3डी सरकार थी, जिसमें दरबारी थे, दामाद थे और डीलर थे, लेकिन विकास करने वाली भारतीय जनता पार्टी की सरकार मोदी के नेतृत्व में बनी और मनोहर लाल खट्टर उसके मुख्यमंत्री बने।

शाह ने कहा कि खट्टर ने सभी वर्गों की चिंता की है, हरियाणा की चिंता की है। आज मैं कह सकता हूूं कि 50 साल की सरकार एक ओर, मनोहर लाल खट्टर की 8 साल की सरकार एक ओर, पलड़ा हमारा भारी है।

शाह ने कहा कि मैं हरियाणा को सबसे बड़ी बधाई देना चाहता हूं कि यहां बेटियों की संख्या 1000 पर 817 थी, लिंग अनुपात बहुत गिरा हुआ था, मोदी ने बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ की शुरुआत हरियाणा से की और बेटियों का अनुपात 817 से बढ़कर 913 हो गया है।

About The Author: Dakshin Bharat

Dakshin Bharat  Picture