Dakshin Bharat Rashtramat

रामलीला मैदान में कांग्रेस कार्यकर्ताओं की मांग- राहुल गांधी संभालें पार्टी की कमान

रामलीला मैदान में कांग्रेस कार्यकर्ताओं की मांग- राहुल गांधी संभालें पार्टी की कमान
मुजफ्फरनगर से पहुंचे कांग्रेस कार्यकर्ता ने कहा, ‘राहुल हमारे नेता हैं और उन पर पूरा विश्वास है कि वे कांग्रेस का गौरव लौटाएंगे'


नई दिल्ली/दक्षिण भारत/भाषा। महंगाई के खिलाफ कांग्रेस की रैली में पहुंचे हजारों कार्यकर्ताओं ने रविवार को राहुल गांधी के समर्थन में नारे लगाए। कई कार्यकर्ताओं ने बैनर एवं पोस्टरों के जरिए यह मांग भी की कि राहुल को एक बार फिर से पार्टी का नेतृत्व करना चाहिए।

उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर से पहुंचे कांग्रेस कार्यकर्ता दीपेश सिंह ने कहा, ‘राहुल हमारे नेता हैं और उन पर हमें पूरा विश्वास है कि वे कांग्रेस का गौरव लौटाएंगे। उन्हें पार्टी का अध्यक्ष बनना चाहिए।’

कई कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बैनर ले रखे थे, जिन पर राहुल गांधी को अध्यक्ष बनाने की मांग के नारे लिखे थे।

पिछले लोकसभा चुनाव में कांग्रेस की हार के बाद राहुल गांधी ने अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया था। इसके बाद से सोनिया गांधी पार्टी की अंतरिम अध्यक्ष के रूप में जिम्मेदारी संभाल रही हैं।

कांग्रेस की ओर से घोषित चुनाव कार्यक्रम के अनुसार, 22 सितंबर को पार्टी अध्यक्ष पद के चुनाव की अधिसूचना जारी होगी। इसके बाद 24 सितंबर से नामांकन दाखिल किए जा सकते हैं और यदि एक से अधिक उम्मीदवार हुए तो 17 अक्टूबर को मतदान होगा।

About The Author: Dakshin Bharat

Dakshin Bharat  Picture