देश बनाने के लिए वर्तमान और भविष्य की चुनौतियों का लगातार समाधान कर रही सरकार: प्रधानमंत्री

जल जीवन मिशन के तहत हर घर नल से जल पहुंचाने वाला गोवा बना देश का पहला राज्य


पणजी/दक्षिण भारत। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को ‘जल जीवन मिशन’ के तहत हर घर नल से जल पहुंचाने के अभियान को एक ‘बड़ी सफलता’ करार दिया। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार देश बनाने के प्रयासों के तहत वर्तमान और भविष्य की चुनौतियों का लगातार समाधान कर रही है।

उल्लेखनीय है कि जल जीवन मिशन के तहत हर घर नल से जल पहुंचाने वाला गोवा देश का पहला राज्य बना है। इस अवसर पर प्रधानमंत्री ने यहां आयोजित ‘हर घर जल उत्सव’ कार्यक्रम को वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से संबोधित किया।

प्रधानमंत्री ने कहा कि आज एक बहुत महत्वपूर्ण और पवित्र दिवस है। देशभर में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की धूम है। दुनियाभर में फैले भगवान श्रीकृष्ण के सभी भक्तों को बहुत-बहुत बधाई।

प्रधानमंत्री ने कहा कि देश ने और विशेषकर गोवा ने आज एक उपलब्धि हासिल की है। आज गोवा देश का पहला राज्य बना है, जिसे हर घर जल सर्टिफाई किया गया है। दादरा नगर हवेली एवं दमन और दीव भी, हर घर जल सर्टिफाइड केंद्र शासित राज्य बन गए हैं।

अमृत काल में भारत जिन विशाल लक्ष्यों पर काम कर रहा है, उससे जुड़े 3 अहम पड़ाव हमने आज पार किए हैं। आज देश के 10 करोड़ ग्रामीण परिवार पाइप द्वारा स्वच्छ जल की सुविधा से जुड़ चुके हैं। ये हर घर जल पहुंचाने की सरकार की बहुत बड़ी सफलता है। ये सबका प्रयास का बेहतरीन उदाहरण भी है। इसको लेकर भी देश ने अहम माइलस्टोन हासिल किया है। अब देश के अलग-अलग राज्यों के एक लाख से ज्यादा गांव ओडीएफ प्लस हो चुके हैं।

प्रधानमंत्री ने कहा कि कुछ साल पहले सभी देशवासियों के प्रयासों से, देश खुले में शौच से मुक्त घोषित हुआ था। इसके बाद हमने संकल्प लिया था कि गांवों को ओडीएफ प्लस बनाएंगे।

प्रधानमंत्री ने कहा कि आज दुनिया की बड़ी-बड़ी संस्थाएं कह रही हैं कि 21वीं सदी की सबसे बड़ी चुनौती जल सुरक्षा की होगी। पानी का अभाव विकसित भारत के संकल्प की सिद्धि में भी अवरोध बन सकता है।

इस बड़ी चुनौती से निपटने के लिए सेवाभाव, कर्तव्यभाव से 24 घंटे काम करने की जरूरत है। हमारी सरकार बीते 8 साल से इसी भावना के साथ जल सुरक्षा के लिए काम कर रही है।

सरकार बनाने के लिए उतनी मेहनत नहीं करनी पड़ती, लेकिन देश बनाने के लिए कड़ी मेहनत करनी होती है। हम सभी ने देश बनाने का रास्ता चुना है, इसलिए देश की वर्तमान और भविष्य की चुनौतियों का लगातार समाधान कर रहे हैं।

प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत में अब रामसर साइट्स यानी वेटलैंड्स की संख्या भी बढ़कर 75 हो गई है। इनमें से भी 50 साइट्स पिछले 8 वर्षों में ही जोड़ी गई हैं। यानी जल सुरक्षा के लिए भारत चौतरफा प्रयास कर रहा है और इसके हर दिशा में नतीजे भी मिल रहे हैं।

प्रधानमंत्री ने कहा कि सिर्फ तीन साल के भीतर जल जीवन मिशन के तहत 7 करोड़ ग्रामीण परिवारों को पाइप के पानी की सुविधा से जोड़ा गया है। यह कोई सामान्य उपलब्धि नहीं है। आजादी के सात दशकों में देश के सिर्फ तीन करोड़ ग्रामीण परिवारों के पास ही पाइप से पानी की सुविधा उपलब्ध थी।

सात दशकों में जितना काम हुआ था, उससे दुगुने से ज्यादा काम देश ने तीन साल में करके दिखाया है। नई सरकार बनने के बाद हमने अलग जल शक्ति मंत्रालय बनाया। इस अभियान पर 3 लाख 60 हजार करोड़ रुपए खर्च किए जा रहे हैं। सौ साल की सबसे बड़ी महामारी की वजह से रुकावटें आईं, लेकिन इसके बावजूद इस अभियान की गति कम नहीं हुई।

About The Author: Dakshin Bharat