किसानों को बड़ी राहत, केंद्रीय मंत्रिमंडल ने खरीफ की 17 फसलों पर एमएसपी बढ़ाई

घोषणा में बताया गया है कि खरीफ विपणन सत्र 2022-23 में किसानों को भारत सरकार की सौगात मिली है


नई दिल्ली/दक्षिण भारत। केंद्रीय मंत्रिमंडल ने फसल वर्ष 2022-23 के लिए धान का न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) 100 रुपए बढ़ाकर 2,040 रुपए प्रति क्विंटल करने की मंजूरी दी। यह जानकारी सूचना एवं प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर ने दी है।

इसके साथ ही मोदी कैबिनेट ने किसानों के लिए बड़ा फैसला किया है, जिसके तहत खरीफ की 17 फसलों पर एमएसपी बढ़ाई गई है।

घोषणा में बताया गया है कि खरीफ विपणन सत्र 2022-23 में किसानों को भारत सरकार की सौगात मिली है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में आर्थिक मामलों की मंत्रिमंडलीय समिति ने 2022-23 विपणन मौसम के लिए सभी अधिदेशित खरीफ फसलों के एमएसपी में वृद्धि को मंजूरी दे दी है।

अनुराग ठाकुर ने कहा कि बुवाई के समय एमएसपी की जानकारी हो जाने से किसानों का मनोबल भी बढ़ता है और उन्हें फसल के दाम भी अच्छे मिलते हैं। इसी दिशा में इस बार खरीफ की सभी 14 फसलों और उनकी वैरायटीज सहित 17 फसलों के न्यूनतम समर्थन मूल्य में वृद्धि की गई है।

अनुराग ठाकुर ने कहा कि पिछले साल की तुलना में खरीफ विपणन सत्र 2022-23 में कई फसलों की एमएसपी में बड़ी वृद्धि की गई है जैसे - तिल (523 रु./क्विंटल), मूंग (480 रु./क्विंटल) और सूरजमुखी के बीज (385 रु./क्विंटल)

About The Author: Dakshin Bharat