बिप्लब देब ने त्रिपुरा के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दिया

केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव और पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव विनोद तावड़े को पर्यवेक्षक का दायित्व दिया गया है


अगरतला/दक्षिण भारत। भाजपा नेता बिप्लब देब ने शनिवार को त्रिपुरा के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया। उन्होंने राज्यपाल सत्यदेव नारायण आर्य को सौंप दिया है। राज्य में इस सियासी बदलाव के मद्देनजर भाजपा विधायक दल की बैठक होगी।

इस दौरान यह तय किया जाएगा कि राज्य में मुख्यमंत्री पद की जिम्मेदारी किसे दी जाएगी। इस मामले में केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव और पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव विनोद तावड़े को पर्यवेक्षक का दायित्व दिया गया है।

बता दें कि शुक्रवार को बिप्लब देब ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से दिल्ली में मुलाकात की थी। उन्होंने कहा कि इस दौरान विकास कार्यों और संगठन के संबंध में गहन विचार-विमर्श किया।

बिप्लब देब ने कहा कि आलाकमान के कहने पर यह फैसला किया गया है और पार्टी का फैसला सर्वोपरि है। मुझ जैसे कार्यकर्ता को संगठन के लिए काम करने की आवश्यकता है। हमारी पहली प्राथमिकता भाजपा को पुन: सत्ता में लाना है।

About The Author: Dakshin Bharat