अखिलेश पर भाजपा का प्रहार: जिसे जिन्ना से हो प्यार, वो पाकिस्तान से कैसे करे इनकार!

पात्रा ने कहा कि समाजवादी पार्टी जिस प्रकार गुंडों, माफियाओं तथा अपराधियों को टिकट दे रही है ...


लखनऊ/दक्षिण भारत। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रवक्ता संबित पात्रा ने सोमवार को समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव पर पाकिस्तान को भारत का असली दुश्मन नहीं मानने का आरोप लगाया।

उन्होंने यहां प्रेसवार्ता में कहा कि जिसे जिन्ना से हो प्यार, वो पाकिस्तान से कैसे करे इनकार! अखिलेश यादव ने एक साक्षात्कार में कहा कि पाकिस्तान हिन्दुस्तान का असली दुश्मन नहीं है, भाजपा वोटों के खातिर पाकिस्तान को दुश्मन मानती है। अखिलेश, क्या भारत का दुश्मन आपका दुश्मन नहीं है? पाकिस्तान के प्रति इतना प्रेम क्यों?

पात्रा ने कहा कि समाजवादी पार्टी जिस प्रकार गुंडों, माफियाओं तथा अपराधियों को टिकट दे रही है, उस हिसाब से तो अच्छा है कि आज कसाब और याक़ूब मेमन को फांसी हो गई है वर्ना अखिलेशजी का बस चलता तो याकूब मेमन को भी नाहिद हसन के साथ चुनावी मैदान में उतार देते!

पात्रा ने कहा कि दुखद है की जब कल हिन्दू हृदय सम्राट बालासाहेब ठाकरे की जन्म जयंती पर सम्पूर्ण राष्ट्र उनका सादर संस्मरण कर रहा था तो उद्धव ठाकरे ने उनके निर्णयों पर प्रश्न खड़ाकर उन्होंने भाजपा पर नहीं, स्वयं बालासाहेब ठाकरे के ऊपर हमला किया है!

पात्रा ने कहा कि हार की हताशा में अखिलेश यादव आज ओपिनियन पोल पर बरस रहे हैं। मैं दावे से कह सकता हूं कि 10 मार्च को अखिलेश अपनी हार का दोषारोपण ईवीएम पर करेंगे।

देश-दुनिया के समाचार FaceBook पर पढ़ने के लिए हमारा पेज Like कीजिए, Telagram चैनल से जुड़िए

About The Author: Dakshin Bharat