Dakshin Bharat Rashtramat

उत्तराखंड: कांग्रेस के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष किशोर उपाध्याय भाजपा में शामिल

उत्तराखंड: कांग्रेस के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष किशोर उपाध्याय भाजपा में शामिल
उत्तराखंड विधानसभा चुनाव के लिए राज्य की सभी 70 सीटों पर 14 फ़रवरी को मतदान होगा


देहरादून/भाषा। उत्तराखंड कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष किशोर उपाध्याय बृहस्पतिवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल हो गए। कुछ ही समय पहले कांग्रेस ने उन्हें पार्टी विरोधी गतिविधियों के आरोप में प्राथमिक सदस्यता से छह साल के लिए निष्कासित कर दिया था।

भाजपा के चुनाव प्रभारी और केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी तथा अन्य वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में उपाध्याय ने यहां पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।

भाजपा ने अभी तक टिहरी विधानसभा सीट पर प्रत्याशी की घोषणा नहीं की है और अटकलें लगाई जा रही हैं कि सत्तारूढ़ पार्टी उपाध्याय को टिहरी से चुनावी समर में उतार सकती है।

इससे पहले कांग्रेस के उत्तराखंड प्रभारी देवेंद्र यादव ने ट्वीट कर जानकारी दी थी कि उत्तराखंड इकाई के पूर्व अध्यक्ष किशोर उपाध्याय को पार्टी विरोधी गतिविधियों के आरोप में बृहस्पतिवार को पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से छह साल के लिए निष्कासित कर दिया गया है।

हाल ही में उपाध्याय को कांग्रेस के सभी पदों से हटा दिया गया था। उपाध्याय कुछ सप्ताह पहले तक उत्तराखंड विधानसभा चुनाव के लिए बनी कांग्रेस समन्वय समिति के प्रमुख की भूमिका निभा रहे थे और वह राज्य कांग्रेस कोर कमेटी तथा उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सदस्य थे।

उत्तराखंड विधानसभा चुनाव के लिए राज्य की सभी 70 सीटों पर 14 फ़रवरी को मतदान होगा। मतगणना 10 मार्च को होगी।

देश-दुनिया के समाचार FaceBook पर पढ़ने के लिए हमारा पेज Like कीजिए, Telagram चैनल से जुड़िए

About The Author: Dakshin Bharat

Dakshin Bharat  Picture