Dakshin Bharat Rashtramat

श्रेया घोषाल के सहपाठी, आईआईटी से पढ़ाई ... यहां जानिए ट्विटर के नए सीईओ के बारे में सबकुछ

श्रेया घोषाल के सहपाठी, आईआईटी से पढ़ाई ... यहां जानिए ट्विटर के नए सीईओ के बारे में सबकुछ
इस घोषणा के बाद दुनियाभर में लोग पराग के बारे में जानकारी सर्च कर रहे हैं


नई दिल्ली/दक्षिण भारत। ट्विटर के सह-संस्थापक जैक डोर्सी के पद से हटने के बाद पराग अग्रवाल को इसके सीईओ के रूप में पदोन्नत किया गया है। इसके साथ ही पराग, सत्या नडेला, सुंदर पिचाई, अरविंद कृष्णा, शांतनु नारायण जैसे दिग्गज सीईओ की सूची में शामिल हो गए हैं।

इस घोषणा के बाद दुनियाभर में लोग पराग के बारे में जानकारी सर्च कर रहे हैं। वे 2011 में कंपनी में शामिल हुए थे। इसके बाद अक्टूबर 2017 से कंपनी के मुख्य प्रौद्योगिकी अधिकारी (सीटीओ) के रूप में काम कर रहे थे।

क्या बोले डोर्सी?
इस नियुक्ति के बारे में डोर्सी ने ट्वीट किया, 'वे मेरी पसंद रहे हैं, वे कंपनी और इसकी जरूरतों को गहराई से समझते हैं। पराग हर महत्वपूर्ण निर्णय के पीछे रहे हैं जिन्होंने इस कंपनी को बदलने में मदद की।'

जताया आभार
पराग अग्रवाल ने आभार जताते हुए कहा, 'जैक और हमारी पूरी टीम के लिए गहरा आभार, भविष्य के लिए बहुत उत्साह। यहां वह नोट है जो मैंने कंपनी को भेजा था। आपके विश्वास और समर्थन के लिए आप सभी का धन्यवाद।'

आईआईटी के छात्र
बता दें कि पराग अग्रवाल आईआईटी-बॉम्बे से कंप्यूटर विज्ञान और इंजीनियरिंग स्नातक हैं। इसके बाद उन्होंने स्टैनफोर्ड यूनिवर्सिटी से कंप्यूटर साइंस में पीएचडी की है। साल 2011 में ट्विटर से जुड़ने से पहले, पराग माइक्रोसॉफ्ट रिसर्च, याहू जैसी फर्मों में सहयोगियों के साथ बड़े पैमाने पर डेटा प्रबंधन अनुसंधान में शामिल थे। 

कंपनी में भूमिका
दिसंबर 2019 में, डोर्सी ने पराग अग्रवाल को कंपनी के विकेन्द्रीकृत सोशल नेटवर्किंग प्रयासों, प्रोजेक्ट ब्लूस्काई का प्रभारी भी बनाया था। उनका प्रमुख योगदान यूजर्स की समयसीमा में ट्वीट्स की प्रासंगिकता बढ़ाने के लिए एआई का उपयोग करने में कंपनी के प्रयासों का नेतृत्व करना रहा है।

शिक्षिका के बेटे
मुंबई में जन्मे पराग की मां सेवानिवृत्त स्कूल शिक्षिका हैं। उनके पिता भारतीय परमाणु ऊर्जा विभाग में एक वरिष्ठ अधिकारी थे। उन्होंने परमाणु ऊर्जा सेंट्रल स्कूल नंबर 4 में पढ़ाई की थी। वे गायिका श्रेया घोषाल के सहपाठी रहे हैं। पराग ने 2001 में तुर्की में आयोजित अंतरराष्ट्रीय भौतिकी ओलंपियाड में स्वर्ण पदक जीता था। उन्होंने 2000 में संयुक्त प्रवेश परीक्षा में 77वीं रैंक हासिल की थी। इसके बाद 2005 में आईआईटी, बॉम्बे से कंप्यूटर विज्ञान में स्नातक की डिग्री प्राप्त की। पराग ने विनीता अग्रवाल से शादी की है। वे एक फर्म में अधिकारी हैं। उनका एक बेटा है।

देश-दुनिया के समाचार FaceBook पर पढ़ने के लिए हमारा पेज Like कीजिए, Telagram चैनल से जुड़िए

About The Author: Dakshin Bharat

Dakshin Bharat  Picture