Dakshin Bharat Rashtramat

पत्रकार विनोद दुआ का निधन

पत्रकार विनोद दुआ का निधन
कोरोना की दूसरी लहर के दौरान कोविड संक्रमण के बाद विनोद दुआ को उनकी पत्नी पद्मावती दुआ के साथ अस्पताल में भर्ती कराया गया था


नई दिल्ली/दक्षिण भारत। मशहूर पत्रकार विनोद दुआ (67) का शनिवार को निधन हो गया। कोरोना संक्रमण के बाद कई दिनों से उनकी सेहत ठीक नहीं थी। उनकी बेटी मल्लिका दुआ ने एक सोशल मीडिया पोस्ट में यह जानकारी दी है। 

विनोद दुआ को पिछले हफ्ते डॉक्टरों की सलाह के बाद अपोलो अस्पताल की गहन चिकित्सा इकाई में भर्ती कराया गया था। मल्लिका दुआ ने इंस्टाग्राम पोस्ट में बताया, 'हमारे निर्भीक, निडर और असाधारण पिता विनोद दुआ का निधन हो गया है।' उन्होंने बताया कि अंतिम संस्कार रविवार दोपहर लोधी श्मशान घाट में किया जाएगा।

विनोद दुआ ने दूरदर्शन समेत वि​भिन्न टीवी चैनलों और वेबसाइट्स में काम किया था। वे अपनी राजनीतिक टिप्पणियों के लिए जाने जाते थे।

मल्लिका दुआ ने अपने पिता के बारे में कहा, 'उन्होंने एक अद्वितीय जीवन जिया, दिल्ली की शरणार्थी कॉलोनियों से 42 वर्षों तक पत्रकारिता की उत्कृष्टता के शिखर तक बढ़ते हुए, हमेशा सच बोलते रहे। वे अब हमारी मां, उनकी प्यारी पत्नी चिन्ना के साथ स्वर्ग में हैं।'

बता दें कि इस साल की शुरुआत में कोरोना की दूसरी लहर के दौरान कोविड संक्रमण के बाद विनोद दुआ को उनकी पत्नी पद्मावती दुआ के साथ गुरुग्राम के अस्पताल में भर्ती कराया गया था। पद्मावती का जून में निधन हो गया था। 

विनोद दुआ की दो बेटियां मल्लिका दुआ और बकुल दुआ हैं। मल्लिका अभिनेत्री हैं, जबकि बकुल मनोवैज्ञानिक हैं। 

देश-दुनिया के समाचार FaceBook पर पढ़ने के लिए हमारा पेज Like कीजिए, Telagram चैनल से जुड़िए

About The Author: Dakshin Bharat

Dakshin Bharat  Picture