Dakshin Bharat Rashtramat

प. बंगाल: पेड़ से लटका मिला भाजपा कार्यकर्ता का शव, रिश्तेदार बोले- लगाया था ‘जय श्रीराम’ का नारा

प. बंगाल: पेड़ से लटका मिला भाजपा कार्यकर्ता का शव, रिश्तेदार बोले- लगाया था ‘जय श्रीराम’ का नारा

भाजपा कार्यकर्ता समतुल दलुई का शव पेड़ से लटका हुआ मिला.

कोलकाता/दक्षिण भारत। पश्चिम बंगाल में भाजपा और तृणमूल कांग्रेस में टकराव के बाद तनाव बढ़ता जा रहा है। सोमवार को भाजपा के एक कार्यकर्ता का शव मिलने से राज्य की कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं। इस चालीस वर्षीय कार्यकर्ता का शव मिलने के बाद भाजपा ने तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ताओं पर हत्या का आरोप लगाया। वहीं, तृणमूल कांग्रेस ने इन आरोपों को खारिज किया है।

जानकारी के अनुसार, जान गंवाने वाले भाजपा कार्यकर्ता का नाम समतुल दलुई है, जो अमता में चलुनिया गांव का निवासी था। घटना की सूचना के बाद पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। इस संबंध में भाजपा के जिला अध्यक्ष अनुपम मलिक ने कहा है कि दलुई की बेरहमी से हत्या की गई। इस दुख की घड़ी में पार्टी उनके परिवार के साथ खड़ी है। उन्होंने कहा कि प्रदेश नेताओं ने हत्या के बारे में जानकारी दी थी, जिसके बाद शिकायत दर्ज कराई गई।

बूथ पर भाजपा को दिलाई बढ़त
एक रिपोर्ट के अनुसार, दलुई का शव एक खेत में पेड़ से लटका मिला था। भाजपा के सक्रिय कार्यकर्ता रहे दलुई ने हाल में संपन्न लोकसभा चुनाव में पार्टी को जिताने के खूब प्रयास किए थे। उसके बूथ पर भाजपा को बढ़त हासिल हुई थी।

‘जय श्रीराम’ का लगाया नारा, अगले दिन मिला शव
रिपोर्ट में दलुई के एक रिश्तेदार के हवाले से बताया गया है कि उसने एक कार्यक्रम में जय श्रीराम का नारा लगाया था, जिससे तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ता नाराज हो गए थे। रिपोर्ट के मुताबिक, थोड़ी देर बाद दलुई गायब हो गया और अगली सुबह उसका शव बरामद हुआ। रिश्तेदार ने आशंका जताई है कि दलुई की हत्या के पीछे तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ताओं का हाथ हो सकता है।

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के समय और कारण का पता चलेगा। दूसरी ओर, तृणमूल कांग्रेस ने उक्त आरोपों का खंडन किया है। तृणमूल के एक नेता ने घटना को भाजपा द्वारा राजनीतिक रंग देने का आरोप लगाया। उसने कहा कि इसमें तृणमूल कांग्रेस की कोई भूमिका नहीं है। नेता ने इस घटना को आपसी दुश्मनी बताया है।

पहले भी हुईं हत्याएं
बता दें कि यह पहली घटना नहीं है जब प. बंगाल में किसी कार्यकर्ता का शव लटका हुआ पाया गया। इसी साल जून में संघ नेता स्वदेश मन्ना का शव अछटा गांव में पेड़ से लटका हुआ मिला था। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह और प. बंगाल के भाजपा नेता अपने कई कार्यकर्ताओं की हत्या का मामला उठा चुके हैं। 23 मई को लोकसभा चुनाव नतीजे आने के बाद कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए अमित शाह ने प. बंगाल में जान गंवाने वाले भाजपा कार्यकर्ताओं को नमन किया था।

About The Author: Dakshin Bharat

Dakshin Bharat  Picture