Dakshin Bharat Rashtramat

अस्पताल में जन्मा पांच दांतों वाला बच्चा, देखने उमड़ी भीड़

अस्पताल में जन्मा पांच दांतों वाला बच्चा, देखने उमड़ी भीड़

सांकेतिक चित्र

बलरामपुर। छत्तीसगढ़ में एक बच्चा अपने जन्म के साथ ही चर्चा में आ गया। वजह है इसके दांत। इस बच्चे के जन्म से ही पांच दांत हैं। इसके बाद यह खबर चारों ओर फैल गई। बच्चे को देखने के लिए अब तक कई लोग आ चुके हैं। जानकारी के अनुसार, यह घटना बलरामपुर की है। इलाके के चलगती सामुदायिक अस्पताल में इस बच्चे का जन्म हुआ है। डॉक्टरों ने जब बच्चे का मुंह खोलकर देखा तो चकित रह गए, क्योंकि जन्म से ही दांत होने की घटना बहुत दुर्लभ मामलों में ही देखी गई है।

इसके बाद बच्चे की तस्वीर सोशल मीडिया में आ गई। बच्चे के परिजन भी हैरान हैं, क्योंकि उनके परिवार में यह पहली घटना है। कई लोगों ने बच्चे को अवतार घोषित कर दिया और सोशल मीडिया पर इसकी तस्वीरें शेयर की जाने लगीं। हालांकि विज्ञान इसे कोई चमत्कार नहीं मानता। वैज्ञानिकों के अनुसार, इसका संबंध कोशिकाओं के विकास से है। इससे कुछ बालकों में उसी दौरान दांत विकसित होने लगते है, जब वे मां के गर्भ में होते हैं।

जानकारी के अनुसार, सबसे पहले इन दांतों को एक नर्स ने देखा। वह ड्यूटी पर तैनात थी। उसने इस बारे में डॉक्टरों को सूचना दी। उसके बाद बच्चे के स्वास्थ्य की जांच की गई। अभी यह बच्चा आईसीयू में भर्ती है। डॉक्टरों ने उसके हृदय की धड़कन सामान्य से ज्यादा पाई है।

वहीं बच्चे की मां की सेहत सामान्य है। डॉक्टर बच्चे की सेहत पर नजर रखे हुए हैं। वह अगले चौबीस घंटों के दौरान विशेष निगरानी में रहेगा। जब उसकी स्थिति सामान्य होगी तो छुट्टी दी जाएगी। घटना की जानकारी मिलने के बाद कई लोग बच्चे को देखने भी आए और काफी भीड़ इकट्ठी हो गई। डॉक्टरों ने उन्हें अंदर आने की इजाजत नहीं दी।

ये भी पढ़िए:
– मुस्लिम युवक ने कांवड़ लाकर किया शिव का जलाभिषेक तो मस्जिद में पीटा, नहीं पढ़ने दी नमाज़
– भाजपा पर सवाल उठाते राहुल कर बैठे ऐसी गलती, सोशल मीडिया पर उड़ रहा मज़ाक
– सलमान ने कबूल किया फिटनेस चैलेंज, वीडियो में बॉडी बनाते दिखे ‘सुल्तान’

About The Author: Dakshin Bharat

Dakshin Bharat  Picture