Dakshin Bharat Rashtramat

श्रीराम से जुड़े तीर्थों के दर्शन कराने चल पड़ी रामायण एक्सप्रेस, वानर सेना ने किया स्वागत

श्रीराम से जुड़े तीर्थों के दर्शन कराने चल पड़ी रामायण एक्सप्रेस, वानर सेना ने किया स्वागत

sri ramayan express

नई दिल्ली। चाय की महक, लोगों की आवाजाही, माइक से खास घोषणाएं और इंतजार करते मुसाफिर .. भारत के हर रेलवे स्टेशन की तस्वीर कमोबेश ऐसी ही होती है। बुधवार को जब लोग दिल्ली के सफदरजंग रेलवे स्टेशन पहुंचे तो वहां का नजारा इससे कुछ अलग भी था। वहां राम-लक्ष्मण की झांकी, गदा लिए हनुमान और शृंगार किए रामायण के विभिन्न पात्र मौजूद थे। दरअसल यह तैयारी थी श्री रामायण एक्सप्रेस के पहले सफर की।

इस रेलगाड़ी पर भी रामायण के कई दिव्य दृश्यों का बहुत ही सुंदर चित्रांकन हुआ था। रामायण एक्सप्रेस एक विशेष रेलसेवा शुरू की गई है जो यात्रियों को भगवान श्रीराम से जुड़े महत्वपूर्ण स्थानों तक लेकर जाएगी। इसके जरिए आप अयोध्या, नंदीग्राम, सीतामढ़ी, जनकपुर, वाराणसी, प्रयाग, चित्रकूट, नासिक, हंपी, रामेश्वरम और मदुरै जैसे तीर्थों के दर्शन कर सकते हैं।

यही नहीं, श्रीलंका में स्थित प्राचीन स्थानों पर जाने का प्रबंध भी किया गया है। रामायण एक्सप्रेस के यात्रियों ने जब स्टेशन पर यह झांकी देखी तो बहुत खुश हुए। लोगों ने इसकी काफी सराहना की है। कई लोग उनकी तस्वीरें लेने लगे। इस मौके पर हनुमानजी की वानर सेना भी मौजूद थी। यहां राम आरती का दृश्य देखकर लोगों के शीश श्रद्धा से झुक गए।

ये हैं खास बातें
14 नवंबर से शुरू हुई श्री रामायण एक्सप्रेस को दिल्ली के सफदरजंग स्टेशन से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। इसके लिए 16 दिनों का यात्रा पैकेज दिया गया है। रेल का पहला पड़ाव अयोध्या होगा। अपने पहले सफर में यह रेल 800 यात्रियों को लेकर गई है। इस यात्रा के भी दो भाग हैं। पहले भाग में सफदरजंग से मदुरै शामिल है। दूसरे भाग में श्रीलंका शामिल है। उसके लिए चेन्नई से कोलंबो का हवाई सफर करना होगा।

ऐसे यात्रियों को श्रीलंका में मौजूद धार्मिक स्थानों के दर्शन कराए जाएंगे। हालांकि श्रीलंका जाने वाले यात्रियों को अलग से हवाई किराया देना होगा। जो यात्री श्रीलंका नहीं जाना चाहते, उन्हें भारत के उक्त तीर्थों के दर्शन कराए जाएंगे। सभी यात्रियों के लिए भोजन और ठहरने की व्यवस्था आईआरसीटीसी की ओर से की जाएगी। इसके अलावा यात्रियों के साथ एक टूर मैनेजर भी होगा, जो उन्हें यात्रा के संबंध में आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराएगा।

ये भी पढ़िए:
– राजस्थान: भाजपा ने जारी की 31 उम्मीदवारों की दूसरी सूची, जानिए कहां से कौन उम्मीदवार
– पाक को अफरीदी की नसीहत, कश्मीर से पहले अपने लोगों की करो फिक्र
– अंतरिक्ष में भारत की एक और छलांग, इसरो ने किया जीसैट-29 का सफल प्रक्षेपण
– नारायणमूर्ति ने की मोदी सरकार की तारीफ, कहा- विकास और अनुशासन पर ध्यान अच्छी बात

About The Author: Dakshin Bharat

Dakshin Bharat  Picture