Dakshin Bharat Rashtramat

राजस्थान में एक और व्यक्ति में कोरोना वायरस की पुष्टि

राजस्थान में एक और व्यक्ति में कोरोना वायरस की पुष्टि

जयपुर/भाषा। दुबई से लौटे जयपुर के एक बुजुर्ग के कोरोना वायरस से संक्रमित होने की पुष्टि हुई है। इस व्यक्ति की दूसरी जांच रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है। इस बीच राज्य के जोधपुर में भी कोरोना वायरस की जांच की सुविधा शुरू की गई है।

राजस्थान के चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव रोहित कुमार सिंह ने बताया कि 85 वर्षीय व्यक्ति की पहली जांच रिपोर्ट मंगलवार को पॉजीटिव आई थी। पुष्टि के लिए नए नमूनों को जांच के लिए भेजा गया। इसकी रिपोर्ट मंगलवार देर रात आई और वह भी पॉजिटिव पाई गई।

उन्होंने कहा, ‘दुबई की यात्रा से लौटे व्यक्ति में कोरोना वायरस पॉजिटिव पाया गया है। इसकी अब पुष्टि हो गई है।’ राज्य में कोरोना वायरस से संक्रमण का यह तीसरा मामला है। इससे पहले एक इतालवी दंपति में इसकी पुष्टि हुई थी।

अधिकारियों का कहना है कि इस व्यक्ति के पॉजिटिव पाए जाने के बाद संबंधित उड़ान से आए सभी यात्रियों की स्क्रीनिंग करवाई जाएगी। दुबई से 28 फरवरी को जयपुर आई स्पाइसजेट की उड़ान के सभी यात्रियों को तत्काल निकटवर्ती चिकित्सा संस्थान से संपर्क करने के लिए कहा गया है।

इन यात्रियों तथा इनके संपर्क में आए समस्त व्यक्तियो की भी स्क्रीनिंग की जाएगी। पॉजिटिव पाए गए व्यक्ति के संपर्क में आए सभी व्यक्तियों को आवश्यकता अनुसार आइसोलेशन में रखने के निर्देश दिए गए हैं।

सिंह की अध्यक्षता में बुधवार को यहां समीक्षा बैठक हुई। इसमें बताया गया कि पॉजिटिव पाए गए व्यक्ति की 78 वर्षीय पत्नी एवं 50 वर्षीय पुत्र को भी पृथक रखा गया है। उनके नमूनों की जांच की जा रही है। पॉजिटिव पाए गए व्यक्ति के निवास के आसपास के तीन किलोमीटर क्षेत्र में भी स्क्रीनिंग की जा रही है।

पॉजिटिव पाया गया व्यक्ति तीन निजी अस्पतालो में उपचार के बाद नौ मार्च सुबह तीन बजे एसएमएस में भर्ती हुआ। जांच में पॉजिटिव पाए जाने पर उसे तत्काल पृथक वार्ड में रखा गया और उसके संपर्क में आए व्यक्तियों की स्क्रीनिंग प्रारंभ कर दी गई।

सिंह ने सेना, रेलवे सहित सभी निजी बड़े अस्पतालों में पृथक वार्ड में रखने और देखरेख की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कोरोना के संबंध में घर-घर जाकर सर्वे के तहत अब तक प्रदेश में एक लाख 77 हजार व्यक्तियों की काउंसलिंग की जा चुकी है।

उन्होंने संबंधित स्थलों को संक्रमण रहित बनाने के लिए की जा रही कार्रवाई की विस्तार से समीक्षा की। अब तक 335 व्यक्तियों के नमूने लेकर जांच की जा चुकी है। इनमें से 328 निगेटिव और तीन पॉजिटिव पाए गए। शेष चार नमूने जांच प्रक्रिया में हैं।

इस बीच जयपुर के बाद अब जोधपुर मेडिकल कॉलेज में भी कोरोना जांच शुरू कर दी गई है। आयुष विभाग रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने के लिए काढ़ा भी पिला रहा है। आयुष चिकित्साकर्मियों को भी कोरोना वायरस को लेकर जागरुकता अभियान में सहयोग करने के निर्देश दिए गए हैं।

राज्य सरकार ने निजी अस्पतालों को उपचार की समुचित व्यवस्था करने के निर्देश दिए हैं। उपचार के लिए मना करने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस संबंध में तीन निजी चिकिसालयों को नोटिस जारी किए गए हैं। सरकार ने विदेशी पर्यटकों एवं विदेश भ्रमण से लौटे यात्रियों के बारे में विशेष सतर्कता बरतने तथा स्क्रीनिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

About The Author: Dakshin Bharat

Dakshin Bharat  Picture