राजस्थान: क्या महंत प्रतापपुरी लड़ेंगे लोकसभा चुनाव?

राजस्थान: क्या महंत प्रतापपुरी लड़ेंगे लोकसभा चुनाव?

जयपुर/दक्षिण भारत। क्या महंत प्रतापपुरी लोकसभा चुनाव लड़ने के लिए मैदान में उतरेंगे? इन दिनों सोशल मीडिया पर यह सवाल खूब सुर्खियों में है। बाड़मेर जिले में स्थित नाथ संप्रदाय के तारतरा मठ के महंत प्रतापपुरी महाराज पिछले विधानसभा चुनाव में जैसलमेर जिले के पोकरण से भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़ चुके हैं। हालांकि यहां नतीजा कांग्रेस के पक्ष में रहा। हार-जीत का अंतर सिर्फ 872 वोट रहने से भाजपा कार्यकर्ताओं का आकलन है कि यदि थोड़ी ताकत और झोंकी होती तो नतीजे कुछ और आते।

बहरहाल महंत प्रतापपुरी को लेकर कयासों का दौर फिर शुरू हो गया है। चर्चा है कि वे लोकसभा चुनाव लड़ सकते हैं। पश्चिमी राजस्थान में खासा असर रखने वाले महंत प्रतापपुरी अपनी सभाओं में राष्ट्रवाद और देश की एकजुटता जैसे मुद्दे उठाते रहे हैं। हाल में एक साक्षात्कार में प्रतापपुरी कह चुके हैं कि अगर संतों की इच्छा हुई तो वे जरूर चुनाव लड़ेंगे।

साथ ही यह भी चर्चा है कि उन्हें जालौर-सिरोही लोकसभा क्षेत्र से टिकट दिया जा सकता है। बता दें कि अभी यहां से भाजपा के देवजी पटेल सांसद हैं। एक रिपोर्ट के अनुसार, पिछले दिनों देवजी पटेल ने जयपुर भाजपा कार्यालय में अपने समर्थकों को भेजकर टिकट के लिए दावेदारी पेश की थी। ऐसे में यह सवाल फिर सुर्खियों में है कि क्या भाजपा एक बार फिर महंत प्रतापपुरी पर दांव लगाएगी। यदि हां, तो किस लोकसभा क्षेत्र से?

उल्लेखनीय है कि महंत प्रतापपुरी ने पिछले दिनों कहा था कि जालौर-सिरोही का माहौल बहुत अच्छा है। वहां के लोग बहुत ही जागरूक हैं। यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद ऐसे कयासों को बल मिला कि प्रतापपुरी यहां से लोकसभा चुनाव लड़ सकते हैं।

About The Author: Dakshin Bharat