Dakshin Bharat Rashtramat

विकास दुबे का सहयोगी शशिकांत गिरफ्तार, पुलिस से लूटी गई एके 47 और इंसास राइफल बरामद

विकास दुबे का सहयोगी शशिकांत गिरफ्तार, पुलिस से लूटी गई एके 47 और इंसास राइफल बरामद
विकास दुबे का सहयोगी शशिकांत गिरफ्तार, पुलिस से लूटी गई एके 47 और इंसास राइफल बरामद

उप्र एडीजी (कानून व्यवस्था) प्रशांत कुमार। फोटो: ANI

लखनऊ/भाषा। कानपुर पुलिस ने बिकरू पुलिस मुठभेड़ के आरोपी और गैंगस्टर विकास दुबे के सहयोगी शशिकांत को सोमवार देर रात गिरफ्तार कर लिया। शशिकांत के सिर पर 50 हजार रुपए का इनाम घोषित किया गया था।

शशिकांत से पूछताछ के आधार पर पुलिस मुठभेड़ में लूटी गई पुलिस की एके 47 रायफल और उसके 17 कारतूस तथा इंसास रायफल और उसके 20 कारतूस बरामद किए गए हैं।

एडीजी (कानून व्यवस्था) प्रशांत कुमार ने मंगलवार को कानपुर में एक संवाददाता सम्मेलन में बताया कि पुलिस मुठभेड़ में 50 हजार के इनामी अभियुक्त शशिकांत उर्फ सोनू को सोमवार देर रात्रि दो बज कर पचास मिनट पर चौबेपुर से गिरफ्तार किया गया।

उन्होंने बताया कि शशिकांत ने पूछताछ में जानकारी दी कि लूटा गया असलहा उसके और विकास दुबे के मकान में छिपा है। इसी के आधार पर विकास दुबे के घर से एके 47 राइफल और 17 कारतूस और शशिकांत के घर से इंसास रायफल और 20 कारतूस बरामद हुए हैं। ये हथियार मुठभेड़ के दौरान पुलिस से लूटे गए थे।

उन्होंने बताया कि बिकरू पुलिस मुठभेड़ में 21 नामजद अभियुक्तों में से चार अभियुक्त गिरफ्तार किए गए हैं, छह अभियुक्त अलग-अलग पुलिस मुठभेड़ों में मारे गए हैं। अभी 11 नामजद अभियुक्त की तलाश की जा रही है।

About The Author: Dakshin Bharat

Dakshin Bharat  Picture