Dakshin Bharat Rashtramat

उप्र: महिला ने राशन डीलर पर लगाया दुष्कर्म का आरोप

उप्र: महिला ने राशन डीलर पर लगाया दुष्कर्म का आरोप

शामली/दक्षिण भारत। उत्तर प्रदेश में एक 23 वर्षीया महिला ने राशन डीलर पर दुष्कर्म का आरोप लगाया है, जिसने उसे मुफ्त राशन देने का वादा किया था।

खबरों के मुताबिक, महिला के पास जब बचत खत्म हो गई तो उसने सरकारी राशन कोटे के लिए स्थानीय दुकानदार से संपर्क किया था, जिसने उसे राशन देने से मना कर दिया।

महिला का पति लॉकडाउन के कारण पंजाब में फंसा हुआ है, इसलिए वह राशन डीलर से मुफ्त राशन लेने गई थी। कई घंटों के इंतजार के बाद, उसे जाने के लिए कहा गया।

महिला ने पुलिस को बताया, ‘मंगलवार शाम को आरोपी विनोद मेरे घर आया और उसने मुझे राशन देने के बजाय मेरे साथ दुष्कर्म किया।’

शामली के पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल ने कहा, ‘पीड़िता द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के आधार पर पुलिस ने विनोद पर दुष्कर्म के लिए आईपीसी की धारा 376 के तहत मामला दर्ज किया है। उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।’

इस बीच, पीड़िता के मकान मालिक ने कहा, ‘पिछले तीन हफ्तों से हम उसे खाना दे रहे थे क्योंकि उसका पति घर से दूर था और उसके पास पैसे नहीं बचे थे। लेकिन, कुछ दिनों पहले हमने अपनी हालत के कारण असमर्थता जताई।’

महिला का पति कुछ महीने पहले दिहाड़ी मजदूरी के लिए पंजाब गया था, लेकिन देशव्यापी लॉकडाउन की घोषणा के कारण उसे वहीं रहना पड़ा।

About The Author: Dakshin Bharat

Dakshin Bharat  Picture