योगी आदित्यनाथ के पिता आनंद सिंह बिष्ट का एम्स में निधन

योगी आदित्यनाथ के पिता आनंद सिंह बिष्ट का एम्स में निधन

नई दिल्ली/लखनऊ/दक्षिण भारत। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के पिता आनंद सिंह बिष्ट का सोमवार को निधन हो गया। वे 89 साल के थे। वे दिल्ली स्थित एम्स में भर्ती थे और कई दिनों से वेंटिलेटर पर थे। यहां इलाज के दौरान उन्होंने सुबह 10.44 बजे आखिरी सांस ली।

उत्तर प्रदेश के अतिरिक्त मुख्य सचिव (गृह) अवनीश के. अवस्थी ने इसकी पुष्टि की है। उन्होंने कहा, ‘मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के पिताजी का आज सुबह 10.44 बजे स्वर्गवास हुआ। उनके साथ हमारी गहरी संवेदनाएं हैं।’

https://platform.twitter.com/widgets.js

जानकारी के अनुसार, सीएम योगी के पिता को किडनी और लीवर संबंधी स्वास्थ्य समस्याएं थीं। उन्हें 13 मार्च को एम्स में भर्ती कराया गया था। यहां गेस्ट्रो विभाग के डॉक्टरों की टीम उनका उपचार कर रही थी।

योगी ने जारी रखी बैठक
जब मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को यह समाचार मिला, तब वे अधिकारियों के साथ बैठक कर कोरोना महामारी से पैदा हालात को लेकर समीक्षा कर रहे थे। उन्होंने बैठक जारी रखी और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते रहे।

एक अधिकारी के अनुसार, पिता के निधन की सूचना मिलने के बाद मुख्यमंत्री योगी करीब 45 मिनट तक बैठक में रहे। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जो बच्चे कोटा से उत्तर प्रदेश आए हैं, उनका पृथक वास में रहना सुनिश्चित कराया जाए।

About The Author: Dakshin Bharat