Dakshin Bharat Rashtramat

स्कूल में खराब प्रदर्शन पर छह छात्रों के चेहरे पर कालिख पोती

स्कूल में खराब प्रदर्शन पर छह छात्रों के चेहरे पर कालिख पोती

सांकेतिक चित्र

हिसार/भाषा। स्कूल में खराब प्रदर्शन करने पर दो लड़कियों समेत कक्षा चार के छह छात्रों के चेहरे पर कथित रूप से कालिख पोतकर उन्हें स्कूल परिसर में घुमाया गया। पुलिस ने सोमवार को इस घटना की जानकारी दी। यह घटना शुक्रवार की है और पीड़ित छात्राओं में से नौ वर्षीय एक दलित छात्रा ने इसकी जानकारी अपने माता-पिता को दी।

उसके माता-पिता ने मंगलवार को संवाददाताओं को बताया कि छात्रा के परिवार वाले बच्चों से इस बर्ताव की शिकायत लेकर स्कूल पहुंचे लेकिन स्कूल प्रशासन ने घटना के लिए जिम्मेदार कर्मचारियों पर कोई कार्रवाई नहीं की।

इसके बाद पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई। पुलिस ने बताया कि किशोर न्याय (बच्चों की देखभाल और संरक्षण) अधिनियम और अनुसूचित जाति-जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम के तहत स्कूल के प्राचार्य सहित चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।

छात्रा के परिवारवाले सोमवार को कुछ लोगों के साथ पुरानी सब्जी मंडी पुलिस चौकी के सामने मामले पर कार्रवाई करने की मांग करते हुए प्रदर्शन करने लगे। घटना की जानकारी मिलते ही कुछ दलित संस्थानों के सदस्य भी मौके पर पहुंचे।

पुलिस ने बताया कि एक अधिकारी स्कूल पहुंचा लेकिन वहां उसे ताला लगा मिला। स्कूल के प्राचार्य और उनका परिवार भी घर पर नहीं मिला। हिसार के पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) अशोक कुमार इस मामले की जांच कर रहे हैं।

About The Author: Dakshin Bharat

Dakshin Bharat  Picture