केंद्र सरकार की प्राथमिकता में होने से ही बदल रही है बिहार की तस्वीर : नड्डा

केंद्र सरकार की प्राथमिकता में होने से ही बदल रही है बिहार की तस्वीर : नड्डा

BJP working president J P Nadda, Deputy CM Sushil Kumar Modi, party state president Sanjay Jaishwal, Union Minister of State for Home Affairs, Nityanand Rai releasing a commomorative postage stamp on Kailashpati Mishra at a function to mark the 7th death anniversary of the party’s state patriarch Kailashpati Mishra, in Patna on Tuesday.

पटना/वार्ता। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष जयप्रकाश नड्डा ने आज कहा कि केंद्र सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता पर बिहार रहा है और इसी का नतीजा है कि प्रदेश की तस्वीर बदली है। नड्डा ने यहां बिहार भाजपा के संस्थापक शीर्ष नेताओं में से एक और पार्टी के भीष्म पितामह कहे जाने वाले कैलाशपति मिश्र की पुण्यतिथि के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि केंद्र सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता में बिहार रहा है और रहेगा। पहले बिहार की स्थिति कैसी थी यह किसी से छुपी नहीं है लेकिन अब प्रदेश की तस्वीर बदली है। उन्होंने कहा कि पहले पटना से मोतिहारी सड़क मार्ग से जाने में छह से सात घंटे लगा करते थे लेकिन अब तो ढाई घंटे में ही लोग पहुंच जा रहे हैं। नड्डा ने कहा कि भारत आगे बढ़ रहा है तो बिहार भी प्रगति के मार्ग पर आगे बढ़ रहा है। पहले और अब के बिहार में काफी अंतर है। पटना में मेट्रो रेल पर काम चल रहा है। उन्होंने कहा कि अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) की दूसरी शाखा दरभंगा में बनकर रहेगी। इसके लिए सभी आवश्यक कदम उठाए गए हैं। बिहार को आठ नए मेडिकल कॉलेज दिए गए हैं। इसी तरह केंद्र प्रायोजित कई योजनाएं चल रही है।
कार्यकारी अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में दुनिया में भारत का मान सम्मान बढ़ा है। भारत की सैन्य शक्ति वर्ष 2014 में कहां थी लेकिन आज सैन्य शक्ति में काफी इजाफा हुआ है। उन्होंने कहा कि राफेल जैसे लड़ाकू विमान के आ जाने से पाकिस्तान के छक्के छुड़ा देंगे। इसी तरह से उत्तम तकनीक के बुलेट प्रूफ जैकेट भी अब उपलब्ध हैं, जिसे निर्यात भी किया जा रहा है। अब बदलता हुआ भारत सबके समक्ष है। उन्होंने कहा कि आयुष्मान भारत स्वास्थ्य के क्षेत्र में दुनिया का सबसे बड़ा कार्यक्रम है, जिसमें प्रतिवर्ष पांच लाख रुपए तक का कवरेज है। यही है बदला हुआ भारत।
नड्डा ने कहा कि कमजोर वर्गों को आरक्षण देने की जहां हिम्मत प्रधानमंत्री मोदी ने दिखाई है वहीं अन्य पिछड़े वर्गों को संवैधानिक दर्जा देने का काम भी किया है। श्री मोदी ने समाज को समरसता दी है। उन्होंने कहा कि भाजपा आज दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी है और इसके करोड़ सदस्य बन गए हैं। सभी सदस्यों का डाटा सुरक्षित है। इस मौके पर बिहार भाजपा के अध्यक्ष एवं सांसद डॉ. संजय जयसवाल ने कहा कि जो भी कार्यकर्ता ईमानदारी के साथ काम करेगा वह पार्टी में आगे बढ़ेगा। उन्होंने कार्यकारी अध्यक्ष श्री नड्डा की चर्चा करते हुए कहा कि वह अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के पटना महानगर के मंत्री थे और आज इस मुकाम पर पहुंचे, यह भाजपा जैसी पार्टी में ही संभव है।
वहीं, बिहार के उप मुख्यमंत्री एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता सुशील कुमार मोदी ने कहा कि बिहार में चार बार सरकार गठन में कैलाशपति मिश्र की महत्वपूर्ण भूमिका रही। जनसंघ के 65 सदस्यों के साथ 1977 में कर्पूरी ठाकुर के नेतृत्व में बनी जनता पार्टी की सरकार में श्री मिश्र जब वित्त मंत्री बने तो पिछड़ों को सरकारी नौकरियों में 26 प्रतिशत आरक्षण मिला।
मोदी ने कहा कि वर्ष 1959 में श्री मिश्र को बिहार जनसंघ की जिम्मेवारी मिली और तीन साल के अंदर वर्ष 1962 में हुए विधानसभा चुनाव में जनसंघ के तीन सदस्य जीते थे। वर्ष 1967 में जनसंघ के 26 सदस्य जीते और बिहार में पहली बार गैर कांग्रेसी सरकार बनी। वर्ष 2000 में भाजपा के 67 विधायकों की जीत और सात दिन की सरकार के गठन, 2000 में झारखंड और 2005 में बिहार में गठबंधन की सरकार बनाने में कैलाशपति मिश्र की बड़ी भूमिका थी।

About The Author: Dakshin Bharat