पटना: बाढ़ में फंसे उपमुख्यमंत्री सुशील मोदी, एनडीआरएफ ने सुरक्षित निकाला

पटना: बाढ़ में फंसे उपमुख्यमंत्री सुशील मोदी, एनडीआरएफ ने सुरक्षित निकाला

बिहार के उपमुख्यमंत्री सुशील मोदी को एनडीआरएफ जवानों ने बाढ़ प्रभावित इलाके से सुरक्षित बाहर निकाला।

पटना/दक्षिण भारत। इस साल मानसून ने बिहार में खूब कहर बरपाया है जिससे कई इलाकों में सड़कें जलमग्न हो गईं। राजधानी पटना इससे बुरी तरह प्रभावित हुई है। एनडीआरएफ और एसडीआरएफ के जवान बाढ़ पीड़ितों को निकालकर सुरक्षित स्थानों तक पहुंचा रहे हैं। इसी सिलसिले में उन्होंने राज्य के उपमुख्यमंत्री सुशील मोदी को भी बाढ़ से निकाला और सुरक्षित जगह पहुंचा दिया।

बता दें कि चार दिनों से भारी बरसात के कारण राजेंद्र नगर स्थित सुशील मोदी के पैतृक आवास में पानी भर चुका था। मकान का ग्राउंड फ्लोर डूब चुका था। इसके बाद राहत एवं बचाव कार्य में जुटे जवान पहुंचे और सुशील मोदी को सु​रक्षित बाहर ले आए।

एएनआई द्वारा जारी किए गए एक वीडियो में देखा गया कि सुशील मोदी एक नाव पर बैठे हैं। आसपास अन्य लोग भी हैं। बचाव कार्य में जुटे जवान लोगों की मदद कर रहे हैं। नाव से उतरने के बाद सुशील मोदी बाढ़ प्रभावित लोगों के बीच जाकर इलाके का जायजा ले रहे हैं। वे मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों को आवश्यक निर्देश भी देते हैं।

लगातार बारिश ने बढ़ाई मुसीबत
बिहार में लगातार बारिश ने सामान्य जनजीवन को बुरी तरह से प्रभावित किया है। राजधानी पटना के लगभग सभी क्षेत्रों में पानी भर गया है और दैनिक जरूरतों को पूरा करने के लिए लोग संघर्ष कर रहे हैं।

उल्लेखनीय है कि मौसम विभाग ने भी कहा कि मानसून की वापसी में और अधिक देरी हो सकती है। बिहार में मूसलाधार बारिश के कारण रेल, स्वास्थ्य सेवाएं, बिजली आपूर्ति, स्कूलों का संचालन प्रभावित हुआ है।

पटना में राजेंद्र नगर और पाटलिपुत्र कॉलोनी जैसे निचले इलाके बाढ़ की चपेट में आ गए। शहर के कई अस्पताल, दुकान, बाजार जलमग्न हो चुके हैं। लोगों का घर से बाहर निकलना भी मुश्किल हो गया है। एनडीआरएफ की टीमें मौके पर पहुंचकर लोगों की मदद कर रही हैं।

मौसम विभाग का कहना है कि पटना में शुक्रवार शाम से 200 मिलीमीटर से अधिक बारिश हुई है। इसे आपदा प्रबंधन विभाग के प्रधान सचिव प्रत्यय अमृत ने पूरी तरह से अप्रत्याशित बताया। वहीं, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने जिलाधिकारियों के साथ एक वीडियो कॉन्फ्रेंस की। उन्होंने संवाददाताओं से कहा, हम हर संभव प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने लोगों से धैर्य और हिम्मत रखने की अपील की।

About The Author: Dakshin Bharat