Dakshin Bharat Rashtramat

चिन्मयानंद प्रकरण में लापता लड़की राजस्थान में मिली: उप्र पुलिस

चिन्मयानंद प्रकरण में लापता लड़की राजस्थान में मिली: उप्र पुलिस

उप्र पुलिस.. सांकेतिक चित्र

लखनऊ/भाषा। पूर्व केंद्रीय मंत्री स्वामी चिन्मयानंद प्रकरण में कथित रूप से लापता लड़की राजस्थान में बरामद हुई है। यह जानकारी उत्तर प्रदेश के पुलिस महानिदेशक ओपी सिंह ने शुक्रवार को दी। सिंह ने बताया, शाहजहांपुर प्रकरण में लड़की को बरामद कर लिया गया है … वह राजस्थान में मिली है।’ उन्होंने कहा कि लड़की ने अपहरण का आरोप लगाया था।

सिंह ने बताया, हमारी टीमें पिछले चार-पांच दिनों से कई जगहों पर फैली हुई थीं। अंतत: लड़की को राजस्थान से बरामद किया गया है। उसे शाहजहांपुर लाया जा रहा है।’ प्रकरण से जुड़े और सवालों पर डीजीपी ने ब्यौरा बाद में साझा करने की बात कही। उन्होंने कहा, ‘पूरी चीजें बाद में बताऊंगा।’

इस बीच उत्तर प्रदेश पुलिस ने अपने ट्विटर हैण्डल पर कहा कि शाहजहांपुर प्रकरण की लड़की राजस्थान में अपने मित्र के साथ मिली है। आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

उल्लेखनीय है कि स्वामी शुकदेवानंद विधि महाविद्यालय से एलएलएम कर रही छात्रा ने 24 जून को सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल करके पूर्व केंद्रीय गृह राज्यमंत्री स्वामी चिन्मयानंद पर कई लड़कियों की जिंदगी बर्बाद करने का आरोप लगाया था एवं उनसे खुद को तथा अपने परिवार को जान का खतरा बताया था। इसके बाद चिन्मयानंद के खिलाफ अपहरण और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया था।

‘लड़की को अदालत में पेश करे सरकार’
वहीं, उच्चतम न्यायालय ने उत्तर प्रदेश सरकार से कहा कि वह चिन्मयानंद के खिलाफ आरोप लगाने वाली लड़की के ठिकाने की जानकारी दे। राज्य सरकार ने कहा कि लड़की राजस्थान में मिली है। उच्चतम न्यायालय ने प्रदेश सरकार से पूछा कि लड़की को अदालत में कब पेश किया जा सकता है। उप्र सरकार ने उच्चतम न्यायालय को बताया कि लड़की पुलिस दल के साथ शाहजहांपुर आ रही है, अभी वह लोग फतेहपुर सीकरी पहुंचे हैं। उच्चतम न्यायालय ने उप्र सरकार से कहा कि लड़की को आज ही अदालत में पेश करे।

About The Author: Dakshin Bharat

Dakshin Bharat  Picture