तृणमूल कार्यकर्ता ने पत्नी को जबरन पिलाया तेजाब

तृणमूल कार्यकर्ता ने पत्नी को जबरन पिलाया तेजाब

तृणमूल कांग्रेस

कोलकाता/दक्षिण भारत। चुनावी मौसम में राजनेताओं की प्रशंसा या आलोचना कोई नई बात नहीं है, लेकिन पश्चिम बंगाल में एक ऐसी घटना सामने आई है जिसके बारे में पढ़कर रोंगटे खड़े हो जाएंगे। यहां एक महिला ने अपने पति की मर्जी से अलग दूसरी पार्टी को वोट दे दिया। इससे नाराज पति ने उसके मुंह में तेजाब डाल दिया।

घटना मुर्शिदाबाद लोकसभा क्षेत्र की है। यहां अंसुरा बीबी नामक महिला ने अपने पति की पसंद के आधार पर वोट नहीं दिया। महिला का पति तृणमूल कांग्रेस का कार्यकर्ता है। ऐसे में जब महिला ने एक अन्य दल के प्रत्याशी को वोट दिया तो पति भड़क उठा। इसके बाद उसने कथित रूप से अपने रिश्तेदारों के साथ मिलकर खौफनाक साजिश रची और पत्नी के मुंह में तेजाब उड़ेल दिया।

तेजाब के असर से महिला की तबीयत बिगड़ गई और उसे स्थानीय अस्पताल ले जाया गया। वहां से उसे डॉक्टरों ने मुर्शिदाबाद मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल रेफर कर दिया। महिला की तबीयत गंभीर बताई गई है। उसे आगामी 48 घंटों तक गहन निगरानी में रखा गया है।

महिला के बेटे ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। उसने आरोप लगाया कि मुंह में तेजाब उड़ेलने से पहले मां को बाल पकड़कर घसीटा गया और बुरी तरह से मारपीट की गई। पुलिस इस मामले की जांच कर रही है। ​

बताया गया है कि मंगलवार को जब महिला वोट डालकर घर लौटी तो उसके साथ यह खौफनाक घटना हुई। पश्चिम बंगाल में राजनीति को लेकर हिंसा की कई घटनाएं पहले भी सामने आ चुकी हैं, लेकिन ​परिजनों द्वारा इस तरह अत्याचार करने का मामला स्तब्ध कर देने वाला है।

देश-दुनिया की हर ख़बर से जुड़ी जानकारी पाएं FaceBook पर, अभी LIKE करें हमारा पेज.

About The Author: Dakshin Bharat