Dakshin Bharat Rashtramat

बाढ़ प्रभावित बिहार में माँ ने नाव में दिया बच्चे को जन्म

बाढ़ प्रभावित बिहार में माँ ने नाव में दिया बच्चे को जन्म

पटना। बिहार के सीमांचल समेत कई इलाकों में बाढ़ का कहर लगातार जारी है। इस बीच राष्ट्रीय आपदा नियंत्रण बल (एनडीआरएफ) के बचाव अभियान के दौरान ही एक नाव पर किलकारी गूंजी, जब एक गर्भवती महिला ने बच्चे को जन्म दिया। जच्चा और बच्चा दोनों की हालत सामान्य है। बचाव दल महिला को नजदीकी अस्पताल में ले जाने की कोशिश में था। इसी दौरान महिला की डिलिवरी हो गई। बिहार में बाढ़ से अब तक 56 लोगों की मौत हो चुकी है। इस विभीषिका से राज्य के तकरीबन 70 लाख लोग प्रभावित हुए हैं। सूबे के 13 जिले बाढ़ से प्रभावित हुए हैं, सोमवार को ही सीएम नीतीश कुमार ने दूसरा हवाई सर्वे कर बाढ़ और राहत एवं बचाव कार्यों का जायजा लिया था।
अब तक अररिया जिले में 20, किशनगंज में 8, पूर्वी चंपारण में 3, पश्चिमी चंपारण में 9, दरभंगा में 3, मधुबनी जिले में 3 लोगों की मौत हुई है। इसके अलावा सीतामढ़ी में 5, मधेपुरा में 4 और शिवहर जिले में 1 व्यक्ति की मौत हुई है। बाढ़ से खासे प्रभावित कटिहार जिले में राहत एवं बचाव कार्य चलाने के लिए सेना की तीन कंपनियों को तैनात किया गया है। नेपाल से बिहार में आने वाली नदियों के जलस्तर में इजाफा होने के चलते बिहार के सीमांचल कहे जाने वाले इलाके के चार जिलों किशनगंज, अररिया, पूर्णिया और कटिहार में हालात गंभीर हैं। इसके अलावा सुपौल, सहरसा, बगहा, गोपालगंज, मधुबनी, सीतामढ़ी, खगड़िया, दरभंगा और मधेपुरा समेत कई अन्य जिले भी बाढ़ की विभीषिका झेल रहे हैं। इस बाढ़ से सूबे के लाखों लोग प्रभावित हुए हैं। सूबे के सीएम नीतीश कुमार की ओर से केंद्र से मदद मांगे जाने के बाद राज्य में सेना और वायु सेना की तैनाती की गई है।

About The Author: Dakshin Bharat

Dakshin Bharat  Picture