Dakshin Bharat Rashtramat

तीन महीने बाद पहली बार एक दिन में कोरोना के 40 हजार से कम नए मामले

तीन महीने बाद पहली बार एक दिन में कोरोना के 40 हजार से कम नए मामले
तीन महीने बाद पहली बार एक दिन में कोरोना के 40 हजार से कम नए मामले

नई दिल्ली/भाषा। देश में तीन महीने बाद पहली बार एक दिन में कोविड-19 के नए मामले 40 हजार से कम सामने आए हैं। वहीं इस दौरान मृतक संख्या भी 500 से कम रही। केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से सुबह आठ बजे जारी किए गए अद्यतन आंकड़ों के अनुसार देश में एक दिन में कोविड-19 के 36,470 नए मामले सामने आने के बाद संक्रमण के मामले बढ़कर 79,46,429 हो गए। वहीं 488 और लोगों की मौत के बाद मृतक संख्या बढ़कर 1,19,502 हो गई।

उसके अनुसार देश में 72,01,070 लोगों के संक्रमण मुक्त होने के साथ ही मरीजों के ठीक होने की दर 90.62 प्रतिशत है। वहीं कोविड-19 से मृत्यु दर 1.50 प्रतिशत है। देश में लगातार पांच दिन से उपचाराधीन लोगों की संख्या सात लाख से कम ही है। अभी कुल 6,25,857 लोगों का कोरोना वायरस का इलाज जारी है, जो कुल मामलों का 7.88 प्रतिशत है।

भारत में सात अगस्त को संक्रमितों की संख्या 20 लाख के पार चली गई थी, 23 अगस्त को 30 लाख और पांच सितम्बर को संक्रमितों की संख्या 40 लाख से ऊपर चली गई थी। वहीं कुल मामले 16 सितम्बर को 50 लाख के पार, 28 सितम्बर को 60 लाख और 11 अक्टूबर को 70 लाख के पार चले गए थे।

भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) के अनुसार 26 अक्टूबर तक कुल 10,44,20,894 नमूनों की कोविड-19 की जांच की गई, जिनमें से 9,58,116 नमूनों का परीक्षण सोमवार को ही किया गया। आंकड़ों के अनुसार पिछले 24 घंटे में जिन 488 लोगों की मौत हुई, उनमें से सबसे अधिक 84 लोग महाराष्ट्र के थे। इसके अलावा पश्चिम बंगाल के 59, दिल्ली के 54, छत्तीसगढ़ के 43, कर्नाटक के 42 और तमिलनाडु के 32 लोग थे।

मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार देश में अभी तक कुल 1,19,502 लोगों की मौत हुई है। इनमें से सबसे अधिक 43,348 लोग महाराष्ट्र के थे। इनके अलावा तमिलनाडु के 10,956, कर्नाटक के 10,947 , उत्तर प्रदेश के 6,904, आंध्र प्रदेश के 6,606 , पश्विम बंगाल के 6,546, दिल्ली के 6,312, पंजाब के 4,125 और गुजरात के 3,690 लोग थे।

स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा कि 70 प्रतिशत से ज्यादा मामलों में मरीजों में अन्य बीमारियां भी थीं। मंत्रालय ने अपनी वेबसाइट पर बताया कि उसके आंकड़ों का आईसीएमआर के आंकड़ों के साथ मिलान किया जा रहा है।

About The Author: Dakshin Bharat

Dakshin Bharat  Picture