Dakshin Bharat Rashtramat

कोरोना: दिल्ली में उत्तर-पूर्व की महिला के साथ बदसलूकी, अभद्र टिप्पणी का आरोपी गिरफ्तार

कोरोना: दिल्ली में उत्तर-पूर्व की महिला के साथ बदसलूकी, अभद्र टिप्पणी का आरोपी गिरफ्तार

सांकेतिक चित्र

नई दिल्ली/दक्षिण भारत। कोरोना महामारी के दौरान जब इसकी रोकथाम के लिए हम सबको एकजुट होकर प्रयास करने की जरूरत है, वहीं कुछ लोग अपने ही देशवासियों के साथ बदसलूकी कर रहे हैं जो निंदनीय है।

पुलिस ने ऐसे एक शख्स को गिरफ्तार कर लिया है। उत्तर पूर्व एक राज्य की निवासी एक महिला ने आरोप लगाया कि उत्तर पश्चिमी दिल्ली के विजय नगर क्षेत्र में इस व्यक्ति ने उस पर थूका और उसे ‘कोरोना’ कहा।

घटना रविवार को रात दस बजे के आसपास हुई। पुलिस ने बताया कि महिला के अनुसार, जब वह सब्जी खरीदने जा रही थी तब मोटरसाइकिल पर एक व्यक्ति आया और उसने महिला पर थूका। इसके बाद व्यक्ति ने महिला को ‘कोरोना’ कहा और भाग गया।

पुलिस उपायुक्त (उत्तर पश्चिम) विजयंत आर्य ने कहा कि भारतीय दंड संहिता के तहत मामला दर्ज कर लिया गया और घटना की जांच की गई। उन्होंने बताया कि व्यक्ति का पता लगाने के लिए सीसीटीवी फुटेज की जांच की गई, जिसके बाद आरोपी गौरव वोहरा (40) को गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस के अनुसार, जब सीसीटीवी फुटेज की जांच की गई तो आरोपी अपनी बाइक पर सवार दिखा। फिर बाइक के नंबरों के आधार पर उसकी पूरी जानकारी मिल गई। इसके बाद पुलिस गौरव वोहरा पुत्र सुरेंद्र किशन वोहरा के मॉडल टाउन थाना क्षेत्र के गुड़ मंडी स्थित आवास पहुंची और उसे गिरफ्तार कर लिया।

आरोपी दो बच्चों का पिता है। वह आनंद पर्वत क्षेत्र में स्थित एक फैक्ट्री में नौकरी करता है। उस पर आरोप लगाने वाली महिला ने कहा कि इस शख्स ने उसके मुंह पर पान की पीक थूकते हुए कहा था, ‘ले, यह कोरोना पीक है।’ दिल्ली पुलिस ने आईपीसी की धारा 509 के तहत मामला दर्ज किया और आरोपी को दबोच लिया।

About The Author: Dakshin Bharat

Dakshin Bharat  Picture