Dakshin Bharat Rashtramat

२०३० तक दुनिया की आर्थिक महाशक्ति बनेगा भारत : राजनाथ

२०३० तक दुनिया की आर्थिक महाशक्ति बनेगा भारत : राजनाथ

बरेली। केन्द्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने शनिवार को कहा कि अगले १२ साल यानी २०३० तक भारत दुनिया की आर्थिक महाशक्ति बन जाएगा। राजनाथ सिंह ने यहां महात्मा ज्योतिबा फुले रूहेलखंड विश्वविद्यालय के ४४वें स्थापना दिवस समारोह में बतौर मुख्य अतिथि कहा, ’’२०३० में भारत आर्थिक महाशक्ति बन जायेगा लेकिन इसका यह मतलब नहीं होगा कि भारत दुनिया में दहशत, भय और दबाव पैदा करेगा बल्कि भारत विश्व गुरु बनेगा। विश्व गुरु के सानिध्य में दुनिया विकास करेगी और संस्कारवान बनेगी।’’सिंह ने कहा कि हमें भारत की अर्थव्यवस्था मजबूत करना है तो युवाओं के साथ मिलकर काम करना होगा। उन्होंने कहा कि भारत की अन्तरराष्ट्रीय स्तर पर प्रतिष्ठा बढी है। भारत के इतिहास की चर्चा करते गृह मंत्री ने कहा कि ज्ञान विज्ञान के क्षेत्र में भारत ने जिन उंचाइयों को हासिल किया है, वह दुनिया में किसी से छिपा नहीं है। दुनिया के वैज्ञानिकों ने भारत का लोहा माना है। केन्द्रीय गृह मंत्री ने कहा, ’’लेकिन पिछली सरकारों ने नौजवानों को हतोत्साहित किया। कुछ ताकतों ने राजनीतिक स्वार्थ के चलते इंसान इंसान में भेद, दुराव और अलगाववाद पैदा कर दिया। इससे हमारा नुकसान हुआ। लेकिन अब समय आ गया है कि युवा वास्तुस्थिति को समझें और संकल्प लें कि भारत कभी विश्व गुरु था और फिर विश्व गुरु बनेगा।’’उन्होंने कहा कि भारत का युवा कठिन से कठिन परिस्थिति में काम करना जानता है। देश में जब भी ब़डा परिवर्तन हुआ है, युवाओं के दम पर हुआ है ।

About The Author: Dakshin Bharat

Dakshin Bharat  Picture