रावत होंगे नए मुख्य चुनाव आयुक्त

रावत होंगे नए मुख्य चुनाव आयुक्त

नई दिल्ली। ओम प्रकाश रावत को नया मुख्य चुनाव आयुक्त तथा अशोक लवासा को नया चुनाव आयुक्त नियुक्त किया गया है। विधि एवं न्याय मंत्रालय की रविवार को यहां जारी अधिसूचना के अनुसार राष्ट्रपति ने रावत को नया मुख्य चुनाव आयुक्त तथा लवासा को चुनाव आयुक्त नियुक्त किया है। रावत की नियुक्ति २३ जनवरी से प्रभावी होगी जबकि लवासा की नियुक्ति पदभार ग्रहण करने के दिन से प्रभावी होगी। रावत सोमवार को सेवा निवृत हो रहे मुख्य चुनाव आयुक्त एके जोति का स्थान लेंगे जबकि लवासा को रावत के स्थान पर चुनाव आयुक्त बनाया गया है। रावत १९७७ बैच के मध्य प्रदेश कैडर के आईएएस अधिकारी रहे हैं और उन्हें अगस्त २०१५ में चुनाव आयुक्त नियुक्त किया गया था। उल्लेखनीय है कि जोति ने अपना कार्यकाल समाप्त होने से पहले पिछले शुक्रवार को ही एक महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए आम आदमी पार्टी के २० विधायकों को लाभ के पद के मामले में अयोग्य ठहराए जाने के संबंध में राष्ट्रपति को अपनी सिफारिश भेजी थी।

About The Author: Dakshin Bharat