चंडीगढ़/भाषा। मनोहर लाल खट्टर ने रविवार को दूसरी बार हरियाणा के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली। वे राज्य में भाजपा-जजपा गठबंधन सरकार का नेतृत्व करेंगे। जनता जननायक पार्टी (जजपा) नेता दुष्यंत चौटाला ने राज्य के उपमुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली।
हरियाणा के राज्यपाल सत्यदेव नारायण आर्य ने दीपावली के दिन राज भवन में आयोजित समारोह में दोनों को पद की शपथ दिलाई।
भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा, पंजाब के राज्यपाल वीपी सिंह बदनोरे, पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल, केन्द्रीय मंत्री कृष्ण पाल गुर्जर, आरएल कटारिया, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत, हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा और शिरोमणि अकाली दल (शिअद) के प्रमुख सुखबीर सिंह बादल भी समारोह में मौजूद थे।
जजपा नेता दुष्यंत चौटाला के पिता अजय चौटाला भी समारोह में थे। अजय चौटाला हरियाणा में शिक्षक भर्ती घोटाला मामले में तिहाड़ जेल में बंद थे, उन्हें शनिवार को ही फर्लो मिला है। दुष्यंत की मां नैना चौटाला भी वहां मौजूद थीं।
उल्लेखनीय है कि राज्यपाल आर्य ने शनिवार को मनोहर लाल खट्टर को प्रदेश में अगली सरकार बनाने का न्योता दिया था। भाजपा विधायक दल का नेता चुने जाने के बाद खट्टर ने जजपा और सात निर्दलीय विधायकों के समर्थन के साथ प्रदेश में सरकार गठन का दावा पेश किया था।
खट्टर ने बताया कि 57 विधायकों, जिनमें भाजपा के 40, जजपा के 10 और सात निर्दलीय विधायक शामिल हैं, के समर्थन के साथ सरकार गठन के लिए राज्यपाल के समक्ष दावा पेश किया। हरियाणा की 90 सदस्यीय विधानसभा में बहुमत के लिये 46 सीटें होना जरूरी है।
मनोहर लाल खट्टर को शनिवार को आम सहमति से भाजपा विधायक दल का नेता चुना गया। भाजपा ने कहा कि जजपा के समर्थन से ‘स्थायी और ईमानदार’ सरकार चलाएंगे। भाजपा ने यह भी स्पष्ट किया कि प्रदेश की गठबंधन सरकार में सिर्फ एक उपमुख्यमंत्री होगा।