गुजरात: कांग्रेस के पूर्व विधायक अल्पेश ठाकोर, धवल सिंह भाजपा में शामिल

गुजरात: कांग्रेस के पूर्व विधायक अल्पेश ठाकोर, धवल सिंह भाजपा में शामिल

अल्पेश ठाकोर एवं धवल सिंह भाजपा में शामिल हो गए.

गांधीनगर/भाषा। गुजरात में कांग्रेस के पूर्व विधायक अल्पेश ठाकोर और धवल सिंह जाला गुरुवार को भाजपा में शामिल हो गए। दोनों यहां भाजपा मुख्यालय में एक कार्यक्रम में पार्टी में शामिल हुए। इस दौरान गुजरात भाजपा अध्यक्ष जीतू वाघानी भी मौजूद थे।

ठाकोर और जाला ने राज्यसभा उपचुनाव में कथित रूप से कांग्रेस उम्मीदवारों के खिलाफ मतदान करने के बाद पांच जुलाई को विधायकी से इस्तीफा दे दिया था।

पाटन जिले के राधनपुर से विधायक रहे ठाकोर (43) ने कहा था कि वे कांग्रेस में नाखुश थे। वे 2017 के विधानसभा चुनाव से कुछ समय पहले कांग्रेस में शामिल हुए थे। ठाकोर के करीबी जाला साबरकांठा के बायड से विधायक थे। उन्होंने कहा था कि वे कांग्रेस में सहज महसूस नहीं कर रहे थे।

ठाकोर ने 2019 के लोकसभा चुनाव से ठीक पहले अप्रैल में कांग्रेस से सभी पदों से इस्तीफा दे दिया था। भाजपा ने लोकसभा चुनाव में गुजरात में दूसरी बार सभी 26 सीटों पर जीत हासिल की थी।

About The Author: Dakshin Bharat