Dakshin Bharat Rashtramat

देवड़ा का इस्तीफा राजनीतिक रूप से आगे बढ़ने की सीढ़ी: निरुपम

देवड़ा का इस्तीफा राजनीतिक रूप से आगे बढ़ने की सीढ़ी: निरुपम

संजय निरुपम

मुंबई/भाषा। मुंबई कांग्रेस अध्यक्ष पद से मिलिंद देवड़ा के इस्तीफे से रविवार को पार्टी इकाई में खामियां एक बार फिर उजागर हुईं क्योंकि पार्टी के वरिष्ठ नेता संजय निरुपम ने पूर्व सांसद पर आरोप लगाया कि वे राष्ट्रीय स्तर के पद के लिए बहुत उत्सुक हैं।

निरुपम ने इसके साथ ही यह सुझाव देने के लिए भी देवड़ा की आलोचना की कि महाराष्ट्र में विधानसभा चुनाव तक मुंबई पार्टी इकाई की देखरेख के लिए कांग्रेस के तीन वरिष्ठ नेताओं की एक समिति बनाई जाए। निरुपम ने कहा कि ऐसे कदम से पार्टी को और नुकसान होगा।

विधानसभा चुनाव सितंबर-अक्टूबर में होने की संभावना है। निरुपम ने हिंदी में किए ट्वीट में लिखा, इस्तीफे में त्याग की भावना अंतर्निहित होती है। यहां तो दूसरे क्षण ‘नेशनल’ लेवल का पद मांगा जा रहा है। यह इस्तीफा है या ऊपर चढ़ने की सीढ़ी? पार्टी को ऐसे ‘कर्मठ’ लोगों से सावधान रहना चाहिए।

अप्रैल-मई में लोकसभा चुनाव से पहले निरुपम की जगह देवड़ा को मुंबई कांग्रेस अध्यक्ष बनाया गया था। निरुपम ने एक अन्य ट्वीट में लिखा, अध्यक्ष के स्थान पर मुंबई कांग्रेस चलाने के लिए तीन सदस्यीय समिति बनाने का विचार बिल्कुल भी उचित नहीं है। इससे पार्टी को और नुकसान होगा।

इससे पहले दिन में मिलिंद देवड़ा ने अपने इस्तीफे की घोषणा करते हुए कहा कि वह पार्टी को मजबूत करने के लिए राष्ट्रीय स्तर पर भूमिका निभाने की आशा करते हैं।

About The Author: Dakshin Bharat

Dakshin Bharat  Picture