Dakshin Bharat Rashtramat

नवनिर्वाचित कांग्रेस सांसदों से बोले राहुल- हम 52 काफी, भाजपा से लड़ेंगे इंच-इंच की लड़ाई

नवनिर्वाचित कांग्रेस सांसदों से बोले राहुल- हम 52 काफी, भाजपा से लड़ेंगे इंच-इंच की लड़ाई

बैठक को संबोधित करते राहुल गांधी.

नई दिल्‍ली/दक्षिण भारत। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने शनिवार को पार्टी की संसदीय दल की बैठक में अपने नवनिर्वाचित सांसदों का हौसला बढ़ाया। लोकसभा चुनाव में पार्टी की बड़ी शिकस्त के बाद से ही कार्यकर्ताओं और नेताओं में मायूसी है। चूंकि इस बार कांग्रेस अध्यक्ष स्वयं अमेठी सीट से हार गए, जिसके बाद पार्टी के नेता हार के कारण जानने में जुटे हैं। साथ ही कई पदाधिकारियों ने इस्तीफे दे दिए हैं।

शनिवार को बैठक में कांग्रेस के 52 नवनिर्वाचित सांसदों ने भी शिरकत की। कांग्रेस संसदीय दल की इस बैठक में सोनिया गांधी को लोकसभा में पार्टी नेता चुना गया। बैठक को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने भाजपा से मुकाबले के लिए अपने सांसदों का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि हम 52 सांसद है। मैं आपको गारंटी देना चाहूंगा कि ये 52 सांसद भाजपा के खिलाफ इंच-इंच की लड़ाई लड़ने के लिए काफी हैं।

राहुल गांधी ने बैठक में भाजपा की नीतियों पर निशाना भी साधा। उन्होंने कांग्रेस के कार्यकर्ताओं की भूमिका पर कहा कि हर कार्यकर्ता यह याद रखे कि वह संविधान और देश के हर नागरिक के लिए लड़ रहा है। वहीं, बैठक के बाद पार्टी प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने बताया कि राहुल ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से कहा कि आप देश के हर व्यक्ति के लिए लड़ रहे हैं, चाहे वह किसी भी रंग या आस्था का हो।

सुरजेवाला ने बताया कि राहुल गांधी ने लोकसभा चुनाव में पार्टी कार्यकर्ताओं की मेहनत के लिए आभार व्यक्त किया है। बता दें कि 23 मई को आए लोकसभा चुनाव नतीजों ने कांग्रेस को जोरदार झटका दिया, जिसके बाद कांग्रेस कार्य समिति की बैठक हुई और राहुल गांधी ने इस्तीफे की पेशकश भी कर दी थी। इसके अलावा राहुल गांधी पार्टी के ऐसे वरिष्ठ नेताओं से नाराज थे जिन्होंने चुनाव के दौरान अपने बेटों के लिए प्रचार करने में ज्यादा रुचि दिखाई और अन्य सीटों पर ध्यान नहीं दिया। इससे उन सीटों पर कांग्रेस का सफाया हो गया।

देश-दुनिया की हर ख़बर से जुड़ी जानकारी पाएं FaceBook पर, अभी LIKE करें हमारा पेज.

About The Author: Dakshin Bharat

Dakshin Bharat  Picture