Dakshin Bharat Rashtramat

‘जय श्रीराम’ सुनकर भड़कीं ममता, अब भाजपा भेजेगी 10 लाख पोस्टकार्ड

‘जय श्रीराम’ सुनकर भड़कीं ममता, अब भाजपा भेजेगी 10 लाख पोस्टकार्ड

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी

कोलकाता/दक्षिण भारत। लोकसभा चुनाव में तृणमूल कांग्रेस को प. बंगाल में जोरदार टक्कर देने वाली भाजपा का उसके साथ सियासी टकराव बढ़ता जा रहा है। ‘जय श्रीराम’ के नारे लगाने भर से नाराज हुईं ममता दीदी को अब भाजपा ‘जय श्रीराम’ लिखे 10 लाख पोस्टकार्ड भेजने की तैयारी कर रही है।

भाजपा के टिकट पर नवनिर्वाचित सांसद अर्जुन सिंह ने बताया कि पार्टी ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के आवास पर 10 लाख पोस्टकार्ड भेजने का फैसला किया है। उन्होंने कहा कि इन सभी पोस्टकार्ड्स पर ‘जय श्रीराम’ लिखा होगा। उल्लेखनीय है कि अर्जुन सिंह पहले तृणमूल कांग्रेस में थे, लेकिन लोकसभा चुनाव से पहले उन्होंने यह पार्टी छोड़ दी और भाजपा का दामन थाम लिया।

उनका यह बयान ऐसे समय में आया है जब लोकसभा चुनाव बाद राज्य में भाजपा दूसरी बड़ी पार्टी बनकर उभरी है और सीटों के मुकाबले में भी वह तृणमूल से ज्यादा पीछे नहीं है। अर्जुन सिंह ने यह बयान पुलिस द्वारा भाजपा कार्यकर्ताओं पर लाठीचार्ज की घटना के बाद दिया था। बताया गया है कि भाजपा कार्यकर्ता प्रदर्शन के समय ‘जय श्रीराम’ के नारे लगा रहे थे।

जानकारी के अनुसार, प. बंगाल के कांचरापाड़ा में तृणमूल कांग्रेस नेता इकट्ठे हुए थे। यह अर्जुन सिंह के संसदीय क्षेत्र बैरकपुर में आता है। यहां तृणमूल नेता उन कार्यालयों को दोबारा हासिल करने की रणनीति बना रहे थे, जिनके बारे में कथित तौर पर आरोप है कि उन्हें भाजपा कार्यकर्ताओं ने कब्जा लिया है।

प. बंगाल सरकार के मंत्री ज्योतिप्रिय मल्लिक ने अर्जुन सिंह और हाल में भाजपा में आए शुभ्रांशु रॉय (मुकुल रॉय के बेटे) पर क्षेत्र में मुश्किलें पैदा करने का आरोप लगाया है। वहीं, प्रदेश भाजपा के नेता ममता बनर्जी के उस वीडियो पर सवाल उठा रहे हैं जिनमें वे ‘जय श्रीराम’ का नारा लगाते लोगों पर खफा दिखाई दी थीं। भाजपा नेता पूछ रहे हैं, ‘क्या बंगाल में जय श्रीराम का नारा लगाना गुनाह है?’

गौरतलब है कि पिछले माह के पहले हफ्ते में वायरल हुए एक वीडियो में देखा गया था कि कुछ लोगों द्वारा ‘जय श्रीराम’ का नारा लगाने पर ममता बनर्जी नाराज हो गई थीं। इसके बाद गुरुवार को ममता उस समय नाराज हो गईं जब उनके वाहन के सामने ‘जय श्रीराम’ के नारे लगाए गए।

प. बंगाल में बढ़ा भाजपा जनाधार
23 मई को आए लोकसभा चुनाव नतीजों ने राजनीति शास्त्र के विश्लेषकों को उस समय चकित कर दिया जब भाजपा ने प. बंगाल में 18 सीटों पर जीत हासिल की। सबसे ज्यादा नुकसान तृणमूल कांग्रेस को हुआ जिसे 22 सीटें मिलीं। तृणमूल कांग्रेस को 43.3 प्रतिशत वोट मिले, जबकि भाजपा 40.3 प्रतिशत वोट पाने में कामयाब रही।

देश-दुनिया की हर ख़बर से जुड़ी जानकारी पाएं FaceBook पर, अभी LIKE करें हमारा पेज.

About The Author: Dakshin Bharat

Dakshin Bharat  Picture