Dakshin Bharat Rashtramat

ममता बनर्जी हताशा में रोक रही हैं भाजपा के प्रमुख नेताओं की रैलियां: जावड़ेकर

ममता बनर्जी हताशा में रोक रही हैं भाजपा के प्रमुख नेताओं की रैलियां: जावड़ेकर

केंद्रीय मंत्री प्रकाश जावड़ेकर

नई दिल्ली/भाषा। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह को पश्चिम बंगाल के जाधवपुर में रैली आयोजित करने की अनुमति नहीं दिए जाने के बाद पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं केंद्रीय मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने आरोप लगाया कि प्रदेश की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी आम चुनावों में अपनी आसन्न हार को देखते हुए प्रमुख नेताओं की रैलियों को रोकने और हेलीकॉप्टर नहीं उतरने देने जैसे तानाशाहीपूर्ण कार्य कर रही हैं।

इसके साथ ही जावड़ेकर ने कहा कि निर्वाचन आयोग को इस पर संज्ञान लेना चाहिए। केंद्रीय मानव संसाधन विकास मंत्री जावड़ेकर ने संवाददाताओं को बताया, आज अमित शाह की जाधवपुर में रैली थी। हमने उसकी अनुमति के लिए चार-पांच दिन पहले आवेदन किया था। पहले वो (स्थानीय प्रशासन) कह रहे थे कि अनुमति मिल जाएगी, लेकिन कल रात 8.30 बजे बताया कि अब अनुमति नहीं देंगे।

उन्होंने कहा, बिना किसी कारण के रैली को अनुमति नहीं दी गई। हेलीकॉप्टर उतरने की अनुमति देने से भी मना कर दिया गया। यह लोकतंत्र की हत्या है। चुनाव आयोग को इस पर संज्ञान लेना चाहिए। जावड़ेकर ने आरोप लगाया कि पश्चिम बंगाल में तानाशाही चल रही है और चुनाव में अगर प्रमुख नेताओं की रैलियां नहीं करने देंगे तो इसका क्या मतलब रह जाएगा।

उन्होंने कहा, प्रधानमंत्री की रैली हो, हमारे पार्टी अध्यक्ष का दौरा रोकना हो, अन्य नेताओं को राज्य में नहीं आने देने की बात हो… ऐसी घटनाएं देखने को मिली हैं। कुछ नेताओं को कोलकता में रोकना, किसी को गिरफ्तार करना.. ये क्या है?

भाजपा नेता ने आरोप लगाया कि यह तानाशाही है, लोकतंत्र की हत्या है, यह चुनाव आयोग को एक मूक प्रेक्षक बनाने की साजिश है। पश्चिम बंगाल सरकार पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि इनकी लोकतंत्र में बिल्कुल आस्था नहीं है। उन्होंने कहा, उनको अहसास हो गया है कि ममता जा रही हैं और भाजपा आ रही है।

About The Author: Dakshin Bharat

Dakshin Bharat  Picture