Dakshin Bharat Rashtramat

शत्रुघ्न के खिलाफ कांग्रेस कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन, कहा- ‘लालू का एजेंट, पार्टी को बर्बाद करने आए’

शत्रुघ्न के खिलाफ कांग्रेस कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन, कहा- ‘लालू का एजेंट, पार्टी को बर्बाद करने आए’

शत्रुघ्न सिन्हा

पटना/दक्षिण भारत। पटना साहिब से कांग्रेस प्रत्याशी शत्रुघ्न सिन्हा के खिलाफ उनकी ही पार्टी से विरोध के सुर उठने लगे हैं। हाल में भाजपा से कांग्रेस में आए सिन्हा ने नई पार्टी का हाथ थामते ही ऐसे बयान देने शुरू कर दिए जिससे कांग्रेस नेता असहज नजर आए। वहीं, अब कांग्रेस कार्यकर्ता भी उनके खिलाफ आवाज उठाने लगे हैं।

सिन्हा के खिलाफ कांग्रेस कार्यकर्ता पटना स्थित पार्टी मुख्यालय सदाकत आश्रम के सामने विरोध प्रदर्शन में जुटे हैं। कार्यकर्ताओं ने सिन्हा पर आरोप लगाया है कि वे लालू के इशारे पर उनके एजेंट की तरह कार्य कर रहे हैं। उन्होंने सिन्हा पर कांग्रेस को धोखा देने का आरोप भी लगाया है।

अनिश्तिचकालीन धरने पर बैठे कांग्रेस कार्यकर्ता मांग कर रहे हैं कि शत्रुघ्न सिन्हा से टिकट वापस लिया जाए। कार्यकर्ताओं ने कहा कि वे हवाईअड्डे पर उनका इंतजार कर रहे थे, लेकिन सिन्हा तेजस्वी यादव और लालू के परिवार से मिलने चले गए। यही नहीं, पार्टी कार्यकर्ताओं में इस बात को लेकर भी नाराजगी है कि सिन्हा सपा के टिकट पर पत्नी का नामांकन कराने लखनऊ गए और वहां बयान देकर कांग्रेस उम्मीदवार के खिलाफ प्रचार कर दिया।

कार्यकर्ताओं ने कहा कि सिन्हा सपा और बसपा मुखिया को प्रधानमंत्री बनाने की बात कहते हैं। लिहाजा वे कांग्रेस में रहने योग्य नहीं हैं। कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि सिन्हा लालू के एजेंट के तौर पर कांग्रेस को बर्बाद करने आए हैं। ऐसे में उन्हें कांग्रेस से बाहर कर देना चाहिए। कार्यकर्ताओं के तीखे तेवर देखकर माना जा रहा है कि इस बार सिन्हा के लिए चुनौतियां बढ़ सकती हैं।

About The Author: Dakshin Bharat

Dakshin Bharat  Picture