Dakshin Bharat Rashtramat

ओडिशा: भाजपा ने विस की 99 और लोस की 10 सीटों पर उम्मीदवारों की घोषणा की

ओडिशा: भाजपा ने विस की 99 और लोस की 10 सीटों पर उम्मीदवारों की घोषणा की

भारतीय जनता पार्टी

भुवनेश्वर/भाषा। भाजपा ने ओडिशा में 147 विधानसभा सीटों में से 99 सीटों पर बृहस्पतिवार को उम्मीदवारों के नामों की घोषणा कर दी। साथ में 10 लोकसभा सीटों पर भी प्रत्याशियों के नामों का ऐलान कर दिया है।

पार्टी ने 2014 में बीजद के टिकट पर चुनाव जीतने वाले बालभद्र माझी और बैजयंत पांडा को अपना उम्मीदवार बनाया है। ये दोनों नेता इस महीने के शुरू में भाजपा में शामिल हुए थे। पांडा को केंद्रपाड़ा से टिकट दिया गया है तो माझी नबरंगपुर से लोकसभा चुनाव लड़ेंगे।

इसके अलावा पार्टी ने केंद्रीय जनजातीय मंत्री जुअल ओराम को सुरंदगढ़ लोकसभा सीट से फिर से टिकट दिया है। ओडिशा में लोकसभा चुनाव और विधानसभा चुनाव एक साथ चार चरणों में होंगे। पहले चरण का मतदान 11 अप्रैल को होगा।

भाजपा की केन्द्रीय चुनाव समिति की नई दिल्ली में हुई बैठक के बाद पार्टी ने सूची जारी की। पार्टी ने ओडिशा की 21 लोकसभा सीटों में से 10 सीटों पर अपने उम्मीदवारों के नामों की घोषणा की है।

भाजपा ने उन कई उम्मीदवारों को चुनाव मैदान में उतारा है जो मुख्यमंत्री नवीन पटनायक के नेतृत्व वाली बीजद या कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हुए थे।

About The Author: Dakshin Bharat

Dakshin Bharat  Picture