Dakshin Bharat Rashtramat

जींद उपचुनाव में जीती भाजपा, तीसरे स्थान पर रहे कांग्रेस के सुरजेवाला

जींद उपचुनाव में जीती भाजपा, तीसरे स्थान पर रहे कांग्रेस के सुरजेवाला

रणदीप सुरजेवाला, कृष्ण मिड्ढा, दिग्विजय चौटाला

जींद/दक्षिण भारत डेस्क। हरियाणा की जींद विधानसभा सीट पर उपचुनाव के नतीजों ने कांग्रेस को जोरदार झटका दिया है। यहां से भाजपा के कृष्ण मिड्ढा जीत गए हैं। वहीं कांग्रेस प्रत्याशी रणदीप सुरजेवाला तीसरे स्थान पर रहे हैं। भाजपा के कृष्ण मिड्ढा ने जननायक जनता पार्टी (जेजेपी) के दिग्विजय चौटाला को 12,935 वोटों से हराया है। यहां भाजपा को 50,566, जेजेपी को 37,631 और कांग्रेस को 22,740 वोट मिले। चुनाव नतीजे आने के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर है।

जेजेपी की ओर से दिग्विजय चौटाला मैदान में थे। राजनीतिक पार्टियों के लिए जींद का चुनाव जीतना नाक का सवाल बन चुका था। चुनाव प्रचार के दौरान यहां हर पार्टी की ओर से अपनी जीत के दावे किए जा रहे थे। इस मुकाबले को आगामी लोकसभा चुनाव से पहले कांग्रेस-भाजपा में भिड़ंत और जनता के रुख के तौर पर भी देखा जा रहा था, लेकिन यहां कांग्रेस प्रत्याशी टक्कर में भी नहीं आए। आईएनएलडी का प्रदर्शन भी निराशाजनक रहा। उसे मात्र 3,454 वोट मिले।

जीत के बाद भाजपा प्रत्याशी कृष्ण मिड्ढा ने मतदाताओं का आभार जताया। उन्होंने इसे सभी लोगों की जीत करार दिया। मिड्ढा ने कहा कि इस चुनाव में हमारे सामने बड़े नेता भी थे, लेकिन हमने उन्हें भी हरा दिया। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू की गईं योजनाओं को लोगों के बीच ले जाने की बात कही।

वहीं मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने इसे शानदार जीत बताते हुए कहा कि यह भाजपा की लगातार बढ़ रही लोकप्रियता को प्रकट करती है। उन्होंने इस जीत को आगामी लोकसभा और विधानसभा चुनावों से जोड़ते हुए कहा कि यह संकेत है कि जनता विकास की राजनीति करने वालों के साथ है, बरगलाने वालों के साथ नहीं। मुख्यमंत्री के मुताबिक, यह जीत भाजपा सरकार द्वारा भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ाई और कल्याणकारी कार्यों पर जनता की मोहर है।

कांग्रेस प्रत्याशी सुरजेवाला ने अपनी हार स्वीकार की। उन्होंने कृष्ण मिड्ढा को बधाई दी। जेजेपी प्रत्याशी ने भाजपा को बधाई देकर ईवीएम पर सवाल उठाए। बता दें कि यहां सातवें राउंड की गिनती के बाद विपक्षी दल के समर्थकों ने हंगामा भी मचाया था, जिसके बाद पुलिस ने स्थिति को संभाला। जींद में 28 जनवरी को उपचुनाव हुआ था। यह सीट पिछले साल अगस्त में आईएनएलडी विधायक हरि चंद मिड्ढा के निधन के कारण रिक्त हो गई थी।

About The Author: Dakshin Bharat

Dakshin Bharat  Picture