Dakshin Bharat Rashtramat

सुषमा स्वराज का ऐलान, खराब सेहत की वजह से नहीं लड़ना चाहतीं 2019 का लोकसभा चुनाव

सुषमा स्वराज का ऐलान, खराब सेहत की वजह से नहीं लड़ना चाहतीं 2019 का लोकसभा चुनाव

पूर्व विदेश मंत्री सुषमा स्वराज

नई दिल्ली। केंद्रीय विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने कहा है कि वे 2019 का लोकसभा चुनाव लड़ने की इच्छुक नहीं हैं। मंगलवार को इंदौर में एक प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि वे अगला लोकसभा चुनाव नहीं लड़ेंगी। भाजपा की दिग्गज नेता और मध्य प्रदेश के विदिशा से सांसद सुषमा स्वराज का बयान ऐसे समय में आया है जब लोकसभा चुनाव ज्यादा दूर नहीं हैं।

स्वराज ने इसके पीछे स्वास्थ्य संबंधी कारण बताए हैं। वे चुनाव प्रचार के सिलसिले में मध्य प्रदेश आई थीं। प्रेस वार्ता के दौरान वे सवालों के जवाब दे रही थीं। इसी समय उन्होंने अगले साल होने वाले लोकसभा चुनाव में बतौर उम्मीदवार उतरने से इनकार कर दिया।

हालांकि सुषमा स्वराज ने यह भी कहा कि आखिरी फैसला पार्टी को ही लेना है लेकिन उन्होंने चुनाव न लड़ने का मन बनाया है। सुषमा स्वराज भाजपा के चर्चित चेहरों में शुमार हैं। वे अपनी शानदार संबोधन शैली के लिए जानी जाती हैं। इसके अलावा वे सोशल मीडिया पर भी बहुत सक्रिय हैं।

विदेश मंत्री बनने के बाद उन्होंने सोशल मीडिया का इस्तेमाल खासतौर पर ऐसे भारतीयों को मदद देने के तौर पर शुरू किया जो विदेश में मुसीबत का सामना कर रहे थे। सुषमा स्वराज ने ऐसे कई लोगों को मदद मुहैया कराई और उन्हें इसके बदले काफी तारीफें भी मिलीं।

पाकिस्तान में कई लोग इलाज के लिए ट्विटर पर सुषमा स्वराज से गुहार लगा चुके हैं, जिसके बाद उन्होंने मदद का आश्वासन दिया। उन्होंने देश में पासपोर्ट की प्रक्रिया से संबंधित विभिन्न सुधार भी कराए जिससे लोगों को दफ्तरों के बार-बार चक्कर लगाने से निजात मिली।

वर्ष 2014 के लोकसभा चुनावों में राजग की जीत के बाद यह तय माना जा रहा था कि मोदी सरकार में सुषमा स्वराज की अहम भूमिका होगी। हालांकि इसके दो साल बाद 2016 में सुषमा स्वराज की सेहत खराब हो गई और उनका किडनी ट्रांसप्लांट आॅपरेशन हुआ। उस दौरान ऐसे कई लोगों ने उन्हें किडनी देना चाहा जिनकी उन्होंने विदेश में मदद की थी।

About The Author: Dakshin Bharat

Dakshin Bharat  Picture