Dakshin Bharat Rashtramat

मप्र: चुनाव प्रचार का अनूठा तरीका, यहां जूते पॉलिश कर रहा प्रत्याशी

मप्र: चुनाव प्रचार का अनूठा तरीका, यहां जूते पॉलिश कर रहा प्रत्याशी

aamjan party

भोपाल। मध्य प्रदेश में विधानसभा चुनाव से पहले सियासी सरगर्मियां तेज होती जा रही हैं। इस दौरान प्रत्याशी अपनी जीत पक्की करने के लिए कई नुस्खे आजमा रहे हैं। यह पूरी दौड़-धूप इसलिए है ताकि मतदाता खुश हो जाए और प्रत्याशी को विधानसभा जाने का मौका मिल जाए। यहां राष्ट्रीय आमजन पार्टी के प्रत्याशी शरद सिंह कुमरे ने ऐसा तरीका ढूंढ़ा है कि उसकी यहां काफी चर्चा है। वे इस पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष भी हैं।

शरद सिंह चुनाव प्रचार के साथ ही लोगों के जूते पॉलिश कर रहे हैं। यही नहीं, उनकी पार्टी का चुनाव चिह्न भी ‘जूता’ है। शरद सिंह को इस चुनाव चिह्न पर गर्व है और वे इसे बहुत खास मानते हैं। उन्होंने बताया कि यह एक ऐसा चिह्न था जिसे कोई पार्टी नहीं लेना चाहती थी। उन्होंने इसे देखा तो आवेदन कर दिया और यह उन्हें मिल गया। शरद ने बताया कि वे उसे एक वरदान के रूप में बदलेंगे।

अब वे बहुत गर्व से अपने चुनाव चिह्न का प्रचार कर रहे हैं। साथ ही लोगों के जूते भी पॉलिश कर रहे हैं। कुछ लोग हैरान हैं कि किसी पार्टी का चुनाव चिह्न जूता है और कोई प्रत्याशी अपना प्रचार करने के लिए जूते पॉलिश कर सकता है। बहरहाल शरद सिंह इन दिनों बहुत व्यस्त है। वे लोग के बीच जाकर प्रचार में जुटे हैं। उनके मुताबिक, यह चुनाव चिह्न भ्रष्टाचार के खिलाफ है। पार्टी ने सोशल मीडिया पर जूता ​चुनाव चिह्न के साथ खुद को भ्रष्टाचार जैसी बुराइयों के खिलाफ पेश किया है।

बता दें कि इससे पहले तेलंगाना में एक निर्दलीय प्रत्याशी को चप्पल बांटते देखा गया था। अकुला हनुमंत कोरातला विधानसभा क्षेत्र में चप्पल बांटकर लोगों से कह रहे थे कि यदि चुनाव जीतने के बाद वादे न निभाऊं तो इसी से पिटाई कर दें। उनका वीडियो भी सामने आया था, जिस पर लोगों ने रोचक प्रतिक्रियाएं दी थीं। लोग उन पर कितना भरोसा करेंगे, यह तो 11 दिसंबर को मतगणना के दौरान मालूम होगा, लेकिन चुनाव प्रचार के ये अनूठे तरीके लोगों का ध्यान जरूर आकर्षित कर रहे हैं।

About The Author: Dakshin Bharat