विरोध प्रदर्शन के दौरान भैंस के आगे बीन बजा रहे थे कांग्रेसी, बिदकी तो मच गई भगदड़

विरोध प्रदर्शन के दौरान भैंस के आगे बीन बजा रहे थे कांग्रेसी, बिदकी तो मच गई भगदड़

भैंस.. प्रतीकात्मक चित्र

देवास। मध्य प्रदेश की कांग्रेस इकाई इन दिनों अलग-अलग वजहों से खूब चर्चा में है। यहां देवास जिले में शहर कांग्रेस के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने जो कारनामा किया, उसके बाद एक बार तो सबके होश ही उड़ गए, लेकिन बाद में इस घटना पर खूब ठहाके लगे। दरअसल कांग्रेस नेताओं ने सरकार का विरोध करने के लिए अनूठा तरीका आजमाया।

‘भैंस के आगे बीन बजाना’ लोकोक्ति पर अमल करते हुए उन्होंने सच में ही भैंसों के सामने बीन बजानी शुरू कर दी। इस दौरान एक भैंस बिदक गई और लोगों में अफरातफरी मच गई। हालांकि गनीमत रही कि अब तक किसी को गंभीर चोट नहीं आई।

विरोध प्रदर्शन का यह अनूठा तरीका कांग्रेस नेताओं ने यहां डेली अप-डाउनर्स संघ के साथ मिलकर किया। वे देवास-इंदौर के बीच सिटी बस की मांग कर रहे थे। उन्होंने इसके लिए आंदोलन किया है। इस बीच किसी के दिमाग में यह आइडिया आया कि ‘भैंस के आगे बीन बजाने’ की लोकोक्ति को असल में लागू करके देखना चाहिए, ताकि विरोध प्रदर्शन की ज्यादा से ज्यादा चर्चा हो, परंतु यह दांव उल्टा पड़ गया।

भैंसों को लेकर कांग्रेस नेता इकट्ठे हुए और जब बीन बजाई तो यकायक भैंस बिदक गई। इस दौरान सब खुद को बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। बड़ी मुश्किल से यह भैंस काबू में आई। इस मौके पर कई राहगीर भी विरोध प्रदर्शन देख रहे थे। भैंस बिदकने के बाद कांग्रेस नेताओं की भगदड़ देख वे हंसने लगे।

देवास कांग्रेस अध्यक्ष मनोज राजानी ने कहा है कि जब तक प्रशासन उनकी मांग नहीं मानेगा, यह आंदोलन चलता रहेगा। उन्होंने आरोप लगाया कि देवास-इंदौर रूट पर सिटी बस चलाने के लिए प्रशासन फैसला नहीं कर पाया। इससे लोगों को आवागमन में काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि प्रशासन को जल्द बस सेवा शुरू करनी चाहिए। जब तक लोगों को यह सुविधा नहीं मिलेगी, उनका यह अहिंसात्मक आंदोलन नहीं रुकेगा।

जरूर पढ़िए:
2019 जीतकर पूरे देश में लागू करेंगे एनआरसी, भारत को नहीं बनने देंगे धर्मशाला: माथुर
अस्पताल में जन्मा पांच दांतों वाला बच्चा, देखने उमड़ी भीड़
बिस्तर से उतरने के लिए बच्चे की तरकीब देख खुश हुए महिंद्रा, दिया नौकरी का प्रस्ताव

About The Author: Dakshin Bharat