Dakshin Bharat Rashtramat

अटलजी को विदा करने उमड़े लाखों लोग, जयकारों से गूंजा आकाश, मोदी भी चले पैदल

अटलजी को विदा करने उमड़े लाखों लोग, जयकारों से गूंजा आकाश, मोदी भी चले पैदल

Atal Ji Yatra

नई दिल्‍ली। पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की अंतिम यात्रा शुरू हो गई है। इसमें शामिल होने के लिए भारी संख्या में भीड़ उमड़ रही है। लोग अटलजी की जय-जयकार कर रहे हैं। उनके सम्मान में नारे लगा रहे हैं, जिनसे आकाश गूंज रहा है। यात्रा के पीछे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, अमित शाह, केंद्रीय मंत्री, विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्री, सांसद, विधायक, विदेशी अतिथि और नागरिक चल रहे हैं।

रास्ते में लोगों की लंबी कतारें लगी हैं। गर्मी और उमस के बावजूद लोगों का आना जारी है। दिल्ली पुलिस और सुरक्षाबल व्यवस्था कायम रखने के लिए काफी मशक्कत कर रहे हैं। जिस तरह से लोग अटलजी के अंतिम दर्शन करने आ रहे हैं, उसके मद्देनजर दिल्ली पुलिस का अनुमान है कि 5 लाख से ज्यादा लोग आएंगे।

इस समय दिल्ली की सड़कों पर भारी भीड़ है और लोगों के कदम अटलजी की अंतिम यात्रा की ओर बढ़ते जा रहे हैं। इनमें बच्चों, युवाओं, महिलाओं से लेकर बुजुर्ग तक शामिल हैं। हर कोई अपने प्रिय नेता की एक झलक पाना चाहता है। सभी राष्ट्रीय टीवी चैनल सीधा प्रसारण कर रहे हैं। कश्मीर से लेकर कन्याकुमारी तक देश के कोने-कोने से लोग अटलजी को श्रद्धांजलि देने आ रहे हैं।

atal ji yatra

आज संसद सहित जिन स्थानों पर रोज तिरंगा फहराया जाता है, उसे झुका दिया गया है। देश में सात दिवस के राजकीय शोक की घोषणा की गई है। भाजपा नेताओं ने अपने सभी कार्यक्रम रद्द कर दिए हैं। सोशल मीडिया पर मिल रही जानकारियों के अनुसार, देश में जिन लोगों का भी जन्मदिन था, उन्होंने अटलजी के दुख में जन्मदिन नहीं मनाया।

अटलजी की अंतिम यात्रा स्मृति स्थल जाएगी, जो राजघाट के निकट है। दिल्ली पुलिस ने लोगों की संभावित भारी भीड़ के लिए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। इसके अलावा सादा वर्दी में भी जवानों को तैनात किया गया है, ताकि हर गतिविधि पर नजर रखी जा सके। देश के अलग-अलग हिस्सों में आज बाजार बंद हैं। लोगों ने प्रस्तावित शुभ कार्य टाल दिए हैं।

ये भी पढ़िए:
– जब पं. नेहरू ने वाजपेयी के लिए की प्रधानमंत्री बनने की भविष्यवाणी, जो सच हो गई
– अटलजी के निधन पर 7 दिन का राजकीय शोक, शुक्रवार को निकलेगी अंतिम यात्रा
– जब अटलजी के सामने फेल हो गईं दुनिया की खुफिया एजेंसियां, भारत ने कर दिया परमाणु परीक्षण

About The Author: Dakshin Bharat

Dakshin Bharat  Picture