Dakshin Bharat Rashtramat

वरुण ने रोहिंग्या से जताई हमदर्दी, केंद्रीय मंत्री ने किया विरोध

वरुण ने रोहिंग्या से जताई हमदर्दी, केंद्रीय मंत्री ने किया विरोध

  • वरुण ने सरकार को दिलाई अतिथि देवो भव: की याद

नई दिल्ली। रोहिंग्या मुस्लिमों के मुद्दे पर जहां केन्द्र सरकार ने स्पष्ट कर दिया है कि रोंहिग्या मुसलमानों को भारत में जगह नहीं दी जाएगी वहीं अपनी ही सरकार और पार्टी से अलग रुख रखते हुए भाजपा सांसद वरुण गांधी ने सरकार को अतिथि देवो भव: की परंपरा याद दिलाई है। उन्होंने साफ तौर पर कहा है कि भारत को रोहिंग्या मुस्लिमों की मदद करनी चाहिए। उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर से भाजपा सासंद वरुण गांधी ने एक दैनिक अखबार में लिखे अपने लेख में कुछ पुराने उदाहरणों और अंतरराष्ट्रीय संधियों का हवाला देते हुए कहा है कि भारत को रोहिंग्या शरणार्थियों को शरण देना जारी रखना चाहिए। उन्होंने इसके लिए परंपरा का तर्क भी दिया है। उन्होंने कहा कि आतिथ्य सत्कार और शरण देने की परंपरा का पालन करते हुए रोहिंग्याओं को शरण देना निश्र्चित रूप से जारी रखना चाहिए।

हालंाकि रोहिंग्या पर वरुण की इस हमदर्दी के कारण वे आलोचना के शिकार हो गए जिसके बाद में वरुण ने ट्‌वीट कर कहा, रोहिंग्या शरणार्थियों को यूं न ठुकराएं। रोहिंग्या के मामले में सहानुभूति दिखाई जानी चाहिए। हालांकि उन्हेंने कहा कि हर आवेदन की राष्ट्रीय सुरक्षा की चिंताओं के लिहाज से जांच होनी चाहिए। एक अन्य ट्‌वीट में उन्होंने कहा, मेरा ताजा आर्टिकल भारत की शरणार्थी नीति को परिभाषित करने पर केन्द्रित है। इसमें स्पष्ट रूप से रेखांकित है कि हमें किस प्रकार से शरणार्थियों को लेना चाहिए। वरुण गांधी के अनुसार भारत को रोहिंग्या मुस्लिमों को शांति पूर्वक घर भेजने में मदद करनी चाहिए। उन्होंने कहा है कि निवास की व्यवस्था एक बड़ी समस्या है।

कोई देशभक्त ऐसा नहीं कहेगा ः हंसराज अहीर

रोहिंग्याओं पर वरुण की यह नरमी पार्टी और सरकार को रास नहीं आई। केंद्रीय गृह राज्य मंत्री हंसराज अहीर ने तो यहां तक कह डाला कि कोई भी देशभक्त ऐसा नहीं कह सकता। अहीर ने कहा, जो देशभक्त होगा, जो देश के हित में सोचेगा वह इस तरह का बयान कभी नहीं देगा। जाहिर है कि वरुण को अपने इस स्टैंड के लिए पार्टी को जवाब देना पड़ सकता है। हालांकि भाजपा की ओर से आधिकारिक तौर पर अभी तक इस संबंध में कुछ नहीं कहा गया है। यह भी माना जा रहा है कि पार्टी में अपनी कथित उपेक्षा से वरुण नाराज चल रहे हैं। इस लेख को उनकी नाराजगी से भी जोड़कर देखा जा रहा है।

About The Author: Dakshin Bharat

Dakshin Bharat  Picture