 |
| केशरवाड़ी तीर्थ पर महोत्सव के दौरान बड़े बड़े रंगमंडप एवं पूजा विधान मंडप के साथ ही विशाल भोजन शाला पांडाल का निर्माण भी तीर्थ की समिति द्वारा किया गया है। |
चेन्नई। श्री महाविदेहधाम केशरवाड़ी महातीर्थ पर राष्ट्र संत जैनाचार्य श्री जयंतसेन सूरीश्वरजी म.सा. व मुनि मंडल, साध्वीवृन्ध्द की सान्निध्यता में 14 नवंबर से 11 दिवसीय अंजनशलाका प्रतिष्ठा महोत्सव प्रारंभ हो रहा है।
इस विशाल महामहोत्सव में निश्रा प्रदान करने लिए आचार्यश्री 12 नवंबर को प्रातः राजेन्द्र भवन से विहार करके केशरवाड़ी तीर्थ पर चर्तुविध संघ के साथ प्रवेश करेंगे। आचार्यश्री के प्रवेश के साथ ही महामहोत्सव के शुभारम्भ में केशरवाड़ी तीर्थ के नवनिर्मित अतिथि गृह का उद्धाटन आचार्यश्री की निश्रा में सुरेश कुमार सांकलराज जैन परिवार द्वारा किया जाएगा।
केशरवाड़ी तीर्थ पर महोत्सव के दौरान बड़े बड़े रंगमंडप एवं पूजा विधान मंडप के साथ ही विशाल भोजन शाला पांडाल का निर्माण भी तीर्थ की समिति द्वारा किया गया है। महोत्सव के दौरान विभिन्न प्रकार की पूजा अनुष्ठान होंगे। विशेष रूप से कुंभ स्थापना, अखंड दीप, ज्वारारोपण, वेदिका पूजन, अष्ट मंगल पाटला पूजन, श्री नवग्रह पाटला पूजन, दस दिग्पाल पाटला पूजन, नंदावर्त पाटला पूजन, श्रीबीस स्थानक पाटला, सिध्दचक्र पाटला पूजन, जल कलश यात्रा, अट्ठारह अभिषेक, चैत्याभिषेक, भक्तामर महापूजन, महावीर पंच कल्याणक पूजा, नव पद पूजा, पार्श्वनाथ पंच कल्याण पूजा, अंतरायकर्म निवारण पूजा, राजेन्द्र सूरी गुरुपद महापूजन, वेदनीय कर्म निवारण पूजा, समकित अष्ट प्रकारी पूजा, सिध्दाचल नव्वाणु अष्टप्रकारी पूजा, वृहद् शांति स्नात्र पूजा इसी के साथ ही प्रभुजी की प्रतिदिन नयनाभिराम अंगरचना भी की जाएगी।
यह प्रतिष्ठा अंजनशलाका अपने आप में अभी से एक ऐतिहासिक प्रतिष्ठा मानी जा रही है। महाविदेह धाम में प्रभुश्री सीमंधर स्वामी को गादी मशीन किया जाएगा। महोत्सव के दौरान ही रात्रि में प्रतिदिन भक्तिभावना के कार्यक्रम आयोजित होंगे। महोत्सव के तहत आचार्यश्री व मुनिमंडल के मुखारविंद से महा विदेह धाम में धर्म वाणी सुनने का पूरा लाभ भी गुरु भक्तों को प्राप्त होगा।
मंगलवार को आचार्यश्री जयंतसेन सूरीश्वरजी म.सा. से आशीर्वाद प्राप्त करने लिए म.प्र. गौसेवा आयोग के अध्यक्ष मेघराज जैन एवं सिरोही जिले के भंडवारियां ग्राम के मंहत तीर्थ गिरिजी महाराज चेन्नई पहुंचे एवं आचार्यश्री से भेंट की। महन्तजी ने आचार्यश्री से विस्तृत धर्म चर्चा की। आचार्यश्री ने चर्चा के पश्चात् श्री तीर्थ गिरिजी महाराज को जैन धर्म सम्बंधित विस्तृत साहित्य सामग्री भेंट की ट्रस्ट मंडल द्वारा म.प्र. गौसेवा आयोग के अध्यक्ष मेघराज जैन एवं श्री तीर्थ गिरिजी महाराज का बहुमान किया।
|