पूर्व सैनिकों के योगदान को हमेशा याद किया जाएगा : राष्ट्रपति
दिवेर (राजस्थान)।राष्ट्रपति प्रतिभा पाटिल ने मंगलवार को कहा कि देश को सेवानिवृत्त सैनिकों का सम्मान करना चाहिए और उनके योगदान को नहीं भूलना चाहिए जिन्होंने वतन की सुरक्षा और भलाई के लिए अपनी जान को जोखिम में डाला।
राष्ट्रपति ने राजसमंद जिले के एक गांव में महाराणा प्रताप की प्रतिमा के लोकार्पण के बाद कहा, हमारे सैनिक सीमाओं की रक्षा करते हैं और अवकाश ग्रहण करने के बाद भी वे समाज की तरक्की में योगदान देते हैं। अपने साहस और बलिदान के लिए वे हमेशा सम्मान के पात्र बने रहेंगे, इसलिए यह हमारी जिम्मेदारी है कि सेवानिवृत्ति के बाद हम अपने बहादुर सैनिकों और युध्द में घायलों की उचित देखभाल करें।
राजस्थान की दो दिवसीय यात्रा पर आयी राष्ट्रपति ने कहा कि पूर्व एवं मौजूदा सैनिकों को बालिका भ्रूण हत्या, नशाखोरी, दहेज और बाल विवाह जैसी सामाजिक बुराइयों के खिलाफ लोगों को जागरूक बनाना चाहिए। राजस्थान को वीरों की भूमि करार देते हुए राष्ट्रपति प्रतिभा पाटिल ने कहा कि राज्य के राज्यपाल के रूप में उन्होंने शहीदों की विधवाओं और पूर्व सैनिकों के कल्याण के लिए विभिन्न कदम उठाए थे।
Short URL: http://www.dakshinbharat.com/?p=2949

