नई दिल्ली। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के प्रमुख मोहन भागवत ने कहा है कि देश संविधान के अनुसार ही चलेगा, उसे आरएसएस नियंत्रित नहीं करता। वे यहां विज्ञान भवन में ‘भविष्य का भारत: राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ का दृष्टिकोण’ व्याख्यान शृंखला को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि देश संविधान द्वारा तय की गई व्यवस्था के अनुसार ही चलेगा।
भागवत ने उन चर्चाओं को नकारा कि आरएसएस से सरकार को निर्देश दिए जाते हैं। उन्होंने कहा, यह पूरी तरह गलत है कि नागपुर से फोन आते हैं और सरकार में बैठे लोगों को निर्देश दिए जाते हैं। भागवत ने कहा, यदि उनको (भाजपा) सलाह की जरूरत होती है, तो वो पूछते हैं। हम सलाह दे सकते हैं तो देते हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा की राजनीति पर उनका कोई प्रभाव नहीं है और न ही सरकार की नीतियां उनके द्वारा प्रभावित की जाती हैं।
भागवत ने भारत के संविधान को देश का शक्ति केंद्र बताया। उन्होंने कहा कि संघ का कार्य संविधान के आधार पर ही चलता है। भागवत ने कहा कि संविधान के खिलाफ जाकर हमने कोई काम किया हो, ऐसा कोई भी उदाहरण नहीं है। उन्होंने ऐसे कयासों को खारिज किया कि नागपुर से सरकार के पास फोन जाता है। भागवत से स्पष्ट किया कि यह बिल्कुल गलत है, नागपुर से सरकार नहीं चलती।
भागवत ने राजनीति और कई शीर्ष पदों पर सेवारत संघ के स्वयंसेवकों के बारे में कहा, केंद्र में काम कर रहे काफी लोग स्वयंसेवक हैं। प्रधानमंत्री, राष्ट्रपति आदि स्वयंसेवक रह चुके हैं। ऐसे में कई तरह की बातें होती हैं। उन्होंने कहा, ये लोग मेरी उम्र के हैं तो राजनीति में वे मुझसे सीनियर हैं। संघ कार्य का जितना मेरा अनुभव है उससे ज्यादा अनुभव उनका राजनीति का है। उनको अपनी राजनीति चलाने के लिए किसी की सलाह की आवश्यकता नहीं है।
इस दौरान उनसे पूछा गया कि आरएसएस के स्वयंसेवक सिर्फ भाजपा में ही क्यों जाते हैं। इस पर उन्होंने कहा, दूसरे राजनीतिक दलों को इस बारे में सोचना चाहिए कि स्वयंसेवक सिर्फ एक पार्टी में ही क्यों जाते हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि संघ का संबंध सिर्फ भाजपा से नहीं है। .. उन्होंने कहा कि हम राष्ट्रनीति पर बोलते हैं .. हम इसके बारे में छुपकर नहीं बोलते। .. हम व्यक्ति निर्माण की दिशा में काम करते हैं।
ये भी पढ़िए:
– चीन से मदद ले रहे देशों पर सेना प्रमुख का बयान- ‘मुफ्त में कुछ नहीं मिलता, जल्द होगा अहसास’
– नटवर सिंह ने किताब में बताया, इंदिरा गांधी ने की थीं अपनी ज़िंदगी में ये 2 बड़ी गलतियां
– रेल के एसी कोच में बेडरोल खोलते ही निकला सांप, घबराए यात्रियों में मची भगदड़
– उइगर महिला की आपबीती पढ़कर खड़े हो जाएंगे रोंगटे, चीन में मुसलमानों पर हैं ये पाबंदियां